

बिलासपुर – अटल बिहारी वाजपेयी विश्वविद्यालय बिलासपुर से संबद्ध शासकीय निरंजन केशरवानी कालेज कोटा की राष्ट्रीय सेवा योजना इकाई द्वारा नशा मुक्त समाज के लिए युवा थीम के अंतर्गत जागरूकता हेतु सात दिवसीय विशेष शिविर ग्राम करगीखुर्द में संपन्न हुआ. शिविर का समापन कार्यक्रम माननीय श्री रविन्द्र कुमार तंवर सरपंच ग्राम पंचायत करगीखुर्द के मुख्य आतिथ्य में सम्पन्न हुआ. उन्होंने अपने उद्बोधन में ग्राम करगीखुर्द में स्वयंसेवकों द्वारा किये गए विभिन्न जागरूकता कार्यों की प्रशंशा करते हुए पुनः करगीखुर्द में कैंप आयोजित करने का निवेदन किया. कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रही महाविद्यालय की वरिष्ठ प्राध्यापक डॉ. प्रमिला देवी मिरी ने बताया कि विकसित भारत, नशामुक्त समाज के निर्माण और जागरूकता के लिये युवाओं का संकल्पित होना आवश्यक है. भारत गाँवों का देश है, यदि गाँवों की कायापलट दी जाए तो समूचे राष्ट्र का विकास सम्भव हो सकेगा. कार्यक्रम अधिकारी शितेष जैन ने विकसित भारत के लक्ष्य को प्राप्त करने के लिये युवाओं की सक्रिय सहभागिता की अपील की. उन्होंने जानकारी देते हुए बताया कि शिविर में विशेष रूप से विकसित भारत, नशा मुक्ति, मतदाता जागरूकता हेतु एस.आई.आर., स्वास्थ्य जागरूकता, एच.आई.वी. एड्स निवारण, आयुर्वेद, कृषि का विकास, डिजिटल साक्षरता, विधिक सेवा जागरूकता, बाल अधिकार संरक्षण, पर्यावरण संरक्षण, योग, ध्यान, प्राणायाम, आध्यात्मिक विकास हेतु विशेष कार्यक्रम आयोजित किये गए और विषय विशेषज्ञों द्वारा विभिन्न विषयों की जानकारी ग्रामवासियों को उपलब्ध करायी गयी. परियोजना कार्य के अंतर्गत तालाब की सफाई, बाबा धाम में सेवा कार्य, शाला परिसर एवं ग्राम पंचायत परिसर की सफाई का कार्य किया गया. डॉ. मनोज सिन्हा कार्यक्रम समन्वयक अटल बिहारी वाजपेयी विश्वविद्यालय बिलासपुर के द्वारा राष्ट्र के विकास में एनएसएस की भूमिका विषय पर ग्रामवासियों को प्रेरित किया. सामाजिक कार्यकर्ता अजय सिंह ठाकुर द्वारा ग्रामीण अर्थव्यवस्था के विकास और सशक्तिकरण हेतु विशेष जानकारी प्रदान की गई. सांस्कृतिक कार्यक्रम में करगीखुर्द की शासकीय हाईस्कूल एवं पूर्व माध्यमिक शाला करगीखुर्द के विद्यार्थियों, ग्रामवासियों तथा रा.से.यो. स्वयंसेवकों द्वारा सामूहिक रूप से देशभक्ति गीत, छत्तीसगढ़ के पारंपरिक लोकगीत, लोकनृत्य करमा, पंथी, जस गीत, नशामुक्ति हेतु शिक्षाप्रद एवं नाटक आदि विविध कार्यक्रमों का मंचन किया गया. एन.एस.एस ध्वज के अवतलन के साथ शिविर का समापन हुआ. शिविर में ग्राम करगीखुर्द के गणमान्य नागरिक, हाई स्कूल के प्रभारी प्राचार्य रंजय कुर्रे एवं समस्त स्टाफ, महाविद्यालय के प्राध्यापक, कर्मचारी एवं रा.से.यो. के स्वयंसेवक उपस्थित थे. कार्यक्रम का संचालन स्वयंसेवक गणेश दुबे एवं आभार प्रदर्शन कार्यक्रम अधिकारी शितेष जैन के द्वारा किया गया।


