
पेंड्रा। प्रेस क्लब में भारतीय जनता पार्टी की ओर से पत्रकारवार्ता आयोजित कर चुनाव आयोग के संयुक्त बयान को लेकर कांग्रेस और इंडी गठबंधन पर निशाना साधा गया। भाजपा नेताओं ने विपक्ष पर चुनाव आयोग के फैसलों को लेकर भ्रम और भ्रामक जानकारी फैलाने का आरोप लगाया।
जिला पंचायत अध्यक्ष समीरा पैकरा ने कहा कि 26 सितंबर को मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार और चुनाव आयुक्त डॉ. एस.एस. संधू एवं डॉ. विवेक जोशी की बैठक के बाद जारी संयुक्त प्रेस नोट से कई सवालों की स्थिति स्पष्ट हुई है। उन्होंने कहा कि आयोग के प्रमुख निर्णय सर्वसम्मति से लिए गए हैं।
समीरा पैकरा ने कहा कि एसआईआर से संबंधित 24 जून 2025 के मूल आदेश और राज्यों के लिए जारी समय-सारणी सहित प्रमुख निर्णय आयोग की सहमति से लिए गए। भाजपा नेताओं ने एसआईआर को लेकर कांग्रेस और विपक्ष की ओर से लगाए जा रहे आरोपों को तथ्यों से परे बताया।
पत्रकारों के सवालों का जवाब देते हुए राकेश चतुर्वेदी, नगर पालिका अध्यक्ष मुकेश दुबे और जिला पंचायत उपाध्यक्ष राजा उपेंद्र बहादुर सिंह ने कहा कि कैबिनेट सेक्रेटरी को लिखा गया पत्र एसआईआर से संबंधित नहीं था, बल्कि प्रतिनियुक्ति पर आए एक अधिकारी से जुड़े प्रशासनिक मामले तक सीमित था। उन्होंने मीडिया में प्रकाशित कुछ रिपोर्टों को भी इसी संदर्भ में स्पष्ट करने की बात कही।
भाजपा नेताओं ने फॉर्म-6 के घोषणापत्र का उल्लेख करते हुए कहा कि मतदाता सूची से जुड़ी प्रक्रिया में सुप्रीम कोर्ट के निर्णय को ध्यान में रखा गया है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस राजनीतिक मुद्दे के चलते चुनाव आयोग और अन्य संवैधानिक संस्थाओं की विश्वसनीयता पर सवाल उठा रही है।
पत्रकारवार्ता में राकेश चतुर्वेदी, मनीष श्रीवास, कुलदीप सिंह, शिव शर्मा, अरुण तिवारी सहित भाजपा के पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।




