
कोटा – कोटा क्षेत्र के कोरी डेम में सोमवार दोपहर पिकनिक मनाने पहुंचे 32 वर्षीय युवक की नहाने के दौरान गहरे पानी में डूबने से मौत हो गई। मृतक की पहचान मंगला निवासी दिग्विजय कौशिक, पिता स्व. ईश्वर कौशिक के रूप में हुई है। हादसे की खबर मिलते ही परिवार में मातम पसर गया।

जानकारी के अनुसार, दिग्विजय कौशिक सोमवार सुबह अपने पांच दोस्तों के साथ पिकनिक मनाने कोरी डेम पहुंचे थे। दोपहर करीब 2 बजे सभी लोग डेम में नहा रहे थे। इसी दौरान दिग्विजय अचानक गहरे पानी में चले गए और देखते ही देखते पानी में डूब गए।
साथ मौजूद दोस्तों ने उन्हें बचाने और पानी में तलाश करने का प्रयास किया, लेकिन काफी कोशिशों के बाद भी उनका पता नहीं चल सका। घटना की सूचना पुलिस को दी गई। पुलिस मौके पर पहुंची और एसडीआरएफ की टीम को सूचना दी गई। एसडीआरएफ की टीम ने मौके पर पहुंचकर तलाश अभियान चलाया और युवक का शव पानी से बाहर निकाला।

इसके बाद पुलिस ने पंचनामा कार्रवाई पूरी कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने मर्ग कायम कर घटना की परिस्थितियों की जांच शुरू कर दी है।

बताया जा रहा है कि दिग्विजय कौशिक अनुकंपा नियुक्ति के तहत शिक्षा विभाग में पदस्थ थे। उनकी मौत की खबर जैसे ही परिजनों को मिली, घर में शोक का माहौल छा गया। घटना के बाद परिवार और परिचितों में गहरा दुख है।




