
विश्व पर्यटन दिवस पर विशेष स्टॉल के माध्यम से जिले के प्राकृतिक, ऐतिहासिक एवं धार्मिक पर्यटन स्थलों का प्रदर्शन
पर्यटन संभावनाओं को नई पहचान दिलाने जिला प्रशासन कर रहा सतत प्रयास : कलेक्टर विजय दयाराम के.
गौरेला-पेंड्रा-मरवाही: विश्व पर्यटन दिवस के अवसर पर छत्तीसगढ़ टूरिज्म बोर्ड एवं छत्तीसगढ़ ट्रैवल ट्रेड एसोसिएशन के संयुक्त तत्वावधान में राजधानी रायपुर में आयोजित ‘सेंट्रल इंडिया कनेक्ट मार्केटप्लेस’ में गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिले की समृद्ध प्राकृतिक, ऐतिहासिक, धार्मिक एवं सांस्कृतिक विरासत को विशेष रूप से प्रदर्शित किया गया। प्रतिष्ठित आयोजन में जीपीएम जिले की पर्यटन संभावनाओं को व्यापक पहचान दिलाने के उद्देश्य से विशेष स्टॉल लगाई गई है। स्टॉल के माध्यम से जिले के नैसर्गिक सौंदर्य, हरे-भरे वनांचल, ऐतिहासिक एवं पुरातात्विक धरोहरों, धार्मिक आस्था के केंद्रों तथा प्रमुख पर्यटन स्थलों की विशेषताओं को आकर्षक ढंग से प्रस्तुत किया गया। आयोजन में पहुंचने वाले पर्यटन क्षेत्र से जुड़े प्रतिनिधियों एवं आगंतुकों को जिले के पर्यटन स्थलों और उनकी विशिष्टताओं से परिचित कराया गया।
कलेक्टर विजय दयाराम के. ने विश्व पर्यटन दिवस पर कहा कि गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिला प्रकृति, संस्कृति और विरासत का अनूठा संगम है। जिले में पर्यटन विकास की व्यापक संभावनाएं मौजूद हैं। जिला प्रशासन द्वारा पर्यटन स्थलों के संरक्षण, स्वच्छता, सौंदर्यीकरण तथा उन्हें व्यापक पहचान दिलाने की दिशा में लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि पर्यटन को बढ़ावा मिलने से जिले की विशिष्ट पहचान स्थापित होने के साथ स्थानीय लोगों के लिए रोजगार एवं आजीविका के नए अवसर भी विकसित होंगे। उन्होंने कहा कि जिले की प्राकृतिक एवं ऐतिहासिक धरोहरों को पर्यटन मानचित्र पर प्रमुखता से स्थापित करने के लिए स्थानीय समुदाय की सहभागिता भी महत्वपूर्ण है। पर्यटन स्थलों को स्वच्छ, सुंदर और प्लास्टिक मुक्त रखने के साथ उनकी प्राकृतिक पहचान को संरक्षित रखना सभी की साझा जिम्मेदारी है।
‘सेंट्रल इंडिया कनेक्ट मार्केटप्लेस’ में जीपीएम जिले की सहभागिता जिले के पर्यटन स्थलों को प्रदेश एवं देश के पर्यटन जगत के समक्ष प्रस्तुत करने का महत्वपूर्ण अवसर है। विशेष स्टॉल के माध्यम से जिले की पर्यटन संपदा की ब्रांडिंग और प्रचार-प्रसार के साथ पर्यटकों को जीपीएम की प्राकृतिक सुंदरता, ऐतिहासिक विरासत एवं सांस्कृतिक विविधता से रूबरू कराया जा रहा है। विश्व पर्यटन दिवस पर यह पहल “देखो अपना देश” और स्थानीय पर्यटन को प्रोत्साहन की भावना को सशक्त करते हुए गौरेला-पेंड्रा-मरवाही को एक आकर्षक पर्यटन गंतव्य के रूप में नई पहचान दिलाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।






