सुर्खियां

दवनपुर में ‘जल जन सेवा संकल्प’ कार्यक्रम का आयोजन, जल संरक्षण और जनभागीदारी का लिया गया संकल्प

कोटा – जल संसाधन विभाग द्वारा चलाए जा रहे ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत 30 सितंबर 2026 को विकासखंड कोटा अंतर्गत ग्राम दवनपुर में जल संरक्षण एवं जनभागीदारी को लेकर ‘जल जन सेवा संकल्प’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम दवनपुर जलाशय परिसर स्थित पंचायत भवन में जल संसाधन विभाग, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग एवं पंचायत विभाग के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित हुआ।
कार्यक्रम में भाजपा जिला अध्यक्ष ग्रामीण मोहित जायसवाल, पांडेजी, मंडल अध्यक्ष बजरंग जायसवाल, ग्राम दवनपुर की सरपंच, उपसरपंच, आसपास के जनप्रतिनिधि, कृषक, महिलाएं एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण शामिल हुए।


जल संरक्षण को लेकर ग्रामीणों को किया जागरूक
कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों द्वारा छत्तीसगढ़ महतारी के छायाचित्र पर पुष्प अर्पित एवं दीप प्रज्वलित कर किया गया। इसके बाद उपस्थित ग्रामीणों का स्वागत करते हुए जल संरक्षण, जल के विवेकपूर्ण उपयोग और जल स्रोतों के संरक्षण में सामुदायिक भागीदारी की आवश्यकता पर चर्चा की गई।
कार्यक्रम में बताया गया कि ‘सेवा संकल्प अभियान’ 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलाया जा रहा है। अभियान के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों में जल संरक्षण एवं जल संसाधनों के प्रति जनजागरूकता बढ़ाने के साथ लोगों को जल बचाने के लिए सामूहिक रूप से प्रेरित किया जा रहा है।
विभागीय योजनाओं और जल जीवन मिशन की दी जानकारी
कार्यक्रम में अनुविभागीय अधिकारी अखिलेश कुमार राठौर अपने अधीनस्थ अधिकारियों एवं कर्मचारियों के साथ उपस्थित रहे। उन्होंने ग्रामीणों को जल संरक्षण, जनभागीदारी तथा विभागीय योजनाओं के संबंध में जानकारी दी।


वहीं पीएचई विभाग की ओर से मिश्रा, उप अभियंता ने जल जीवन मिशन सहित विभागीय योजनाओं और ग्रामीण क्षेत्रों में पेयजल से संबंधित जानकारी साझा की। ग्रामीणों को जल स्रोतों के संरक्षण तथा उपलब्ध जल का जिम्मेदारीपूर्वक उपयोग करने के लिए जागरूक किया गया।
सिंचाई सुविधा के लिए प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश
कार्यक्रम के दौरान ग्रामीणों ने दवनपुर गांव में सिंचाई सुविधा से संबंधित अपनी आवश्यकता और मांग रखी। इस पर संबंधित विभागीय अधिकारियों को ग्रामीणों की मांग के अनुरूप उद्वहन सिंचाई के लिए प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश दिए गए।
कार्यक्रम में जल संरक्षण को केवल विभागीय जिम्मेदारी न मानकर ग्रामीणों की सामूहिक जिम्मेदारी बनाने पर जोर दिया गया। उपस्थित लोगों को जल संरक्षण के लिए सामूहिक संकल्प भी कराया गया।
रैली निकालकर दिया जल संरक्षण का संदेश
जनजागरूकता कार्यक्रम के अंतर्गत ग्रामीणों के साथ रैली भी निकाली गई। रैली के माध्यम से ग्रामीणों को जल के महत्व, जल स्रोतों के संरक्षण तथा पानी की बर्बादी रोकने का संदेश दिया गया।
कार्यक्रम में विभागीय अधिकारी-कर्मचारियों के साथ बड़ी संख्या में ग्रामीणों की मौजूदगी रही। आयोजन का उद्देश्य ग्रामीणों को जल संरक्षण से जोड़ते हुए जनभागीदारी के माध्यम से जल संसाधनों के संरक्षण की दिशा में स्थानीय स्तर पर प्रयासों को मजबूत करना रहा।

Back to top button
error: Content is protected !!