
बिलासपुर – छत्तीसगढ़ पशु चिकित्सा अधिकारी (अजा, अजजा) संघ का अधिवेशन, शपथ ग्रहण समारोह, विश्व रैबिस दिवस-2026 पर परिचर्चा एवं मिलन समारोह शनिवार 19 सितंबर को हनी बी रिसोर्ट, कोटा, बिलासपुर में आयोजित किया गया। कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ के विभिन्न जिलों से संघ के पदाधिकारी, जिलाध्यक्ष एवं बड़ी संख्या में सदस्य शामिल हुए।

कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन एवं अतिथियों के स्वागत के साथ हुआ। इसके बाद संघ के सदस्यों का परिचय कराया गया। संघ के प्रांताध्यक्ष डॉ. रामचंद्र रामटके, प्रांतीय सचिव डॉ. के.एल. राम, बिलासपुर संभाग के उपाध्यक्ष एवं कार्यक्रम आयोजक डॉ. संजय राज सहित संभागीय उपाध्यक्ष एवं विभिन्न जिलों के जिलाध्यक्षों का शपथ ग्रहण संघ के संरक्षक डॉ. एस.एल. उइके, डॉ. पवन साहनी एवं अन्य वरिष्ठ सदस्यों की उपस्थिति में संपन्न हुआ।
सामाजिक न्याय एवं संवैधानिक प्रावधानों पर हुई चर्चा
अध्यक्षीय उद्बोधन में संघ के प्रांताध्यक्ष डॉ. रामचंद्र रामटके ने संघ की गतिविधियों, संगठन की उन्नति तथा आगामी कार्यक्रमों की रूपरेखा पर विचार रखे। वहीं संघ के संरक्षक डॉ. एस.एल. उइके एवं संभागीय उपाध्यक्ष डॉ. संजय राज ने भी संबोधित किया।
इस दौरान भारतीय संविधान द्वारा प्रदत्त सामाजिक न्याय, समान अवसर, प्रतिनिधित्व एवं संवैधानिक आरक्षण व्यवस्था सहित राज्य में संवैधानिक प्रावधानों के प्रभावी क्रियान्वयन से जुड़े विषयों पर विचार-विमर्श किया गया।

विश्व रैबिस दिवस पर जूनोटिक बीमारी को लेकर परिचर्चा
कार्यक्रम में विश्व रैबिस दिवस-2026 के अवसर पर रैबिस बीमारी को लेकर विशेष परिचर्चा आयोजित की गई। रैबिस को जूनोटिक बीमारी के रूप में समझाते हुए पशु एवं मानव स्वास्थ्य के बीच संबंध तथा बीमारी की रोकथाम और जागरूकता से जुड़े विषयों पर चर्चा की गई।
इसके अलावा वर्ल्ड वेटरिनरी डे-2026 के दौरान सेवा से जुड़े नए एवं वर्तमान पशु चिकित्सकों की सदस्यता तथा संघ से संबंधित अन्य विषयों पर भी विचार-विमर्श किया गया।
छत्तीसगढ़ी संस्कृति और मनोरंजन ने बांधा समां
अधिवेशन के बाद मिलन समारोह में सदस्यों के लिए विभिन्न मनोरंजक कार्यक्रम आयोजित किए गए। कराओके संगीत, छत्तीसगढ़ी पारंपरिक नृत्य एवं संगीत तथा मनोरंजक तंबोला कार्यक्रम ने समारोह में उत्साह का माहौल बना दिया। दोपहर के भोजन के बाद सदस्यों ने आपसी मेल-जोल और संवाद के साथ कार्यक्रम का आनंद लिया।

समारोह के अंत में मिलन समारोह की स्मृति के रूप में उपहार एवं प्रमाणपत्र वितरित कर उपस्थित सदस्यों को सम्मानित किया गया।
संभाग के सदस्यों ने निभाई सक्रिय भूमिका
कार्यक्रम के आयोजन एवं संचालन में डॉ. संजय राज, डॉ. एम.एस. मरावी, डॉ. के.पी. मरावी, डॉ. एस.एल. ओगरे, डॉ. मोहन शेंडे, डॉ. हीरा मिरी सहित बिलासपुर संभाग के विभिन्न जिलों के जिलाध्यक्षों एवं सदस्यों ने सक्रिय सहयोग किया।
कार्यक्रम के अंत में डॉ. प्रीति सिंह ने सभी अतिथियों, पदाधिकारियों एवं सदस्यों का आभार व्यक्त करते हुए धन्यवाद ज्ञापन किया।




