
गौरेला-पेण्ड्रा-मरवाही। ग्राम पंचायत परासी में सरकारी धन के दुरुपयोग और निर्देशों की अनदेखी पर जिला पंचायत सीईओ ने तत्कालीन सचिव ओंकार सिंह मरावी को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है।
परासी में पूर्व माध्यमिक शाला भवन निर्माण के लिए जिला खनिज न्यास मद से जारी 7.96 लाख रुपये की पहली किश्त में से मात्र 1.86 लाख रुपये का ही काम हुआ था, जबकि 6.09 लाख रुपये का कार्य गायब मिला। मामले में पूर्व सरपंच और सचिव से 3.04 लाख रुपये की वसूली शेष थी। 13 अगस्त को राशि जमा करने के आदेश के बावजूद सचिव द्वारा भुगतान न किए जाने पर यह कड़ा कदम उठाया गया है।
इसे छत्तीसगढ़ पंचायत सेवा आचरण नियमों का उल्लंघन मानते हुए अनुशासनात्मक कार्रवाई की गई है। निलंबन अवधि में उनका मुख्यालय जनपद पंचायत मरवाही रहेगा, जहाँ उन्हें जीवन निर्वाह भत्ता दिया जाएगा।




