
कोटा – स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट हिन्दी माध्यम विद्यालय रतनपुर की दो होनहार पहलवान छात्राओं सुभद्रा यादव एवं अस्मिता गायकवाड ने अपनी प्रतिभा और कड़ी मेहनत के दम पर बड़ी उपलब्धि हासिल की है। दोनों छात्राओं का भारतीय खेल प्राधिकरण (SAI) की कुश्ती खेल प्रतिभा चयन प्रक्रिया में चयन हुआ है। खास बात यह है कि छत्तीसगढ़ से इस चयन प्रक्रिया के लिए कुश्ती में चयनित दोनों छात्राएं रतनपुर की हैं। इस उपलब्धि से विद्यालय परिवार सहित पूरे नगर में हर्ष का माहौल है।
भारतीय खेल प्राधिकरण द्वारा खेल प्रतिभाओं की पहचान एवं चयन के लिए उच्च स्तरीय ट्रायल, ग्राउंड टेस्ट और स्किल टेस्ट जैसी प्रक्रियाओं के माध्यम से खिलाड़ियों का चयन किया जाता है। इसी चयन प्रक्रिया में सुभद्रा और अस्मिता ने अपने प्रदर्शन से जगह बनाई।

मेहनत, अनुशासन और लगन से हासिल किया मुकाम
कुश्ती जैसे कठिन और अनुशासनपूर्ण खेल में दोनों छात्राओं ने लगातार अभ्यास, शारीरिक फिटनेस और दृढ़ इच्छाशक्ति के बल पर अपनी प्रतिभा साबित की है। उन्हें लंबे समय से कुश्ती प्रशिक्षक सागर धीवर एवं प्रमोद धीवर द्वारा प्रशिक्षण और मार्गदर्शन दिया जा रहा है। प्रशिक्षकों के मार्गदर्शन में दोनों खिलाड़ियों ने कुश्ती की तकनीक, फिटनेस और आत्मविश्वास को लगातार मजबूत किया।
सुभद्रा यादव इससे पहले भी राज्य स्तरीय प्रतियोगिताओं में शानदार प्रदर्शन कर चुकी हैं। पिछले वर्ष उन्होंने छत्तीसगढ़ राज्य की महिला वर्ग की कुश्ती प्रतियोगिता में रजत पदक हासिल कर अपनी प्रतिभा का परिचय दिया था।
SAI में चयन के बाद मिलेंगी कई सुविधाएं
SAI की चयन प्रक्रिया में चयनित खिलाड़ियों को प्रशिक्षण के साथ विभिन्न सुविधाएं उपलब्ध कराई जाती हैं। इनमें निःशुल्क छात्रावास, भोजन, शिक्षा, उच्च स्तरीय कोचिंग, चिकित्सा सुविधा एवं बीमा जैसी सुविधाएं शामिल हैं। दोनों खिलाड़ियों को उच्च स्तरीय कुश्ती प्रशिक्षण के लिए SAI लखनऊ में रहकर प्रशिक्षण प्राप्त करना होगा।
विद्यालय परिवार ने दी बधाई
दोनों छात्राओं की इस उपलब्धि पर विद्यालय के प्राचार्य शरणजीत बग्गा ने हर्ष व्यक्त करते हुए कहा कि विद्यार्थियों को शिक्षा के साथ खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ने के अवसर मिलना बेहद जरूरी है। उन्होंने दोनों खिलाड़ियों को शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
वहीं शाला प्रबंधन समिति के अध्यक्ष रविन्द्र दुबे ने भी सुभद्रा एवं अस्मिता को बधाई देते हुए कहा कि रतनपुर की बेटियों का SAI जैसी प्रतिष्ठित खेल संस्था की चयन प्रक्रिया में स्थान बनाना पूरे नगर के लिए गौरव की बात है।
इस अवसर पर विद्यालय के प्राचार्य शरणजीत बग्गा एवं स्टाफ से सुशीला मौर्य, वर्षा मनु, मनोज यादव, कुश्ती प्रशिक्षक सागर धीवर, गिरिजा बंद अखाड़ा कुश्ती संघ के अध्यक्ष शंकर राव मराठा, नगर पालिका रतनपुर की पार्षद इंदु यादव एवं पावनी यादव सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।
गिरिजा बंद अखाड़ा और खेलप्रेमियों में उत्साह
सुभद्रा और अस्मिता की सफलता से गिरिजा बंद अखाड़ा सहित नगर के खेलप्रेमियों और कुश्ती से जुड़े लोगों में खासा उत्साह है। अखाड़े के संरक्षक महंत तारकेश्वर पुरी एवं कुश्ती संघ के अध्यक्ष शंकर राव मराठा सहित खेलप्रेमियों ने दोनों खिलाड़ियों की मेहनत और उपलब्धि की सराहना करते हुए उन्हें आगामी प्रतियोगिताओं के लिए शुभकामनाएं दीं।
नगर की पार्षद इंदु यादव सहित गणमान्य नागरिकों और खेलप्रेमियों ने भी दोनों खिलाड़ियों को बधाई देते हुए कहा कि रतनपुर की बेटियों ने अपनी मेहनत और प्रतिभा से पूरे नगर का गौरव बढ़ाया है। उन्होंने उम्मीद जताई कि दोनों खिलाड़ी भविष्य में राज्य, राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन कर रतनपुर और छत्तीसगढ़ का नाम रोशन करेंगी।
बेटियों की सफलता से बढ़ेगा खेलों के प्रति उत्साह
सुभद्रा और अस्मिता का SAI की चयन प्रक्रिया में चयन रतनपुर के खेल जगत के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है। उनकी सफलता से विशेष रूप से बालिकाओं में कुश्ती और अन्य खेलों के प्रति रुचि बढ़ने की उम्मीद है।
रतनपुर की इन होनहार बेटियों ने यह साबित कर दिया है कि प्रतिभा के साथ मेहनत, अनुशासन और सही मार्गदर्शन मिले तो छोटे शहरों और ग्रामीण क्षेत्रों से निकलने वाली बेटियां भी बड़े खेल मंच पर अपनी पहचान बना सकती हैं।




