सुर्खियां

डी.ए.वी. मुख्यमंत्री पब्लिक स्कूल की बालिकाओं ने मारी बाजी, शतरंज में नेशनल के लिए चयनित

कोटा – डी.ए.वी. मुख्यमंत्री पब्लिक स्कूल, गोबरीपाट की चार होनहार छात्राओं ने डी.ए.वी. स्टेट लेवल शतरंज प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन करते हुए राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता के लिए चयनित होकर विद्यालय एवं क्षेत्र का नाम गौरवान्वित किया है।

डी.ए.वी. स्टेट लेवल स्पोर्ट्स प्रतियोगिता का आयोजन डी.ए.वी. पब्लिक स्कूल, एसईसीएल कुसमुंडा में किया गया। प्रतियोगिता में विभिन्न विद्यालयों के प्रतिभाशाली खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया। शतरंज प्रतियोगिता में गोबरीपाट की वंशिका रजक, ईशाना कुर्रे, निहारिका बंजारे एवं ऐशरी जांगड़े ने उत्कृष्ट खेल कौशल, एकाग्रता और रणनीतिक सूझबूझ का परिचय देते हुए शानदार सफलता हासिल की।

चारों छात्राओं ने क्लस्टर स्तर से लेकर स्टेट स्तर तक लगातार बेहतरीन प्रदर्शन किया। अपनी प्रतिभा और मेहनत के दम पर उन्होंने नेशनल लेवल प्रतियोगिता में स्थान सुनिश्चित किया। छात्राओं की इस उपलब्धि से विद्यालय परिवार में हर्ष का माहौल है।

इस अवसर पर आयोजित सम्मान समारोह में विद्यालय के प्राचार्य सुधांशु जायसवाल एवं एस्कॉर्ट शिक्षिका दीपा देवांगन उपस्थित रहीं। उन्होंने चारों छात्राओं को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

प्राचार्य सुधांशु जायसवाल ने कहा कि बेटियां आज किसी भी क्षेत्र में पीछे नहीं हैं। पढ़ाई के साथ खेल के क्षेत्र में छात्राओं की उपलब्धियां विद्यालय के लिए गर्व का विषय हैं। यह सफलता छात्राओं की मेहनत, अनुशासन और विद्यालय परिवार के सामूहिक प्रयास का परिणाम है। उन्होंने उम्मीद जताई कि छात्राएं राष्ट्रीय स्तर पर भी उत्कृष्ट प्रदर्शन कर विद्यालय एवं छत्तीसगढ़ का नाम रोशन करेंगी।

खेल शिक्षक महेंद्र मरावी ने बताया कि छात्राओं ने प्रतियोगिता की तैयारी के लिए कई महीनों तक नियमित अभ्यास किया। प्रतिदिन लगभग दो घंटे के अभ्यास, अनुशासन और निरंतर मेहनत ने उन्हें इस मुकाम तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

विजेता छात्राओं ने अपनी सफलता का श्रेय अपने माता-पिता, खेल शिक्षक महेंद्र मरावी, प्राचार्य एवं समस्त विद्यालय परिवार को दिया। छात्राओं ने कहा कि अब उनका लक्ष्य राष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक हासिल करना है।

विद्यालय प्रबंधन एवं समस्त शिक्षकगण ने चारों छात्राओं को शुभकामनाएं देते हुए विश्वास जताया कि आगामी राष्ट्रीय प्रतियोगिता में भी वे अपने शानदार प्रदर्शन से विद्यालय एवं छत्तीसगढ़ का गौरव बढ़ाएंगी।

उल्लेखनीय है कि डी.ए.वी. मुख्यमंत्री पब्लिक स्कूल, गोबरीपाट में शैक्षणिक गतिविधियों के साथ-साथ खेल, योग, सांस्कृतिक एवं अन्य सह-शैक्षणिक गतिविधियों को भी विशेष महत्व दिया जाता है। छात्राओं की यह उपलब्धि विद्यालय द्वारा खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने के प्रयासों का प्रमाण है।

Back to top button
error: Content is protected !!