सुर्खियां

मोबाइल वापस मांगने पहुंचे साले पर जीजा ने फेंका गर्म तेल, चेहरा और सिर झुलसा

कोटा – कोटा थाना क्षेत्र की बेलगहना चौकी अंतर्गत ग्राम शक्तिबहरा में मोबाइल वापस मांगने को लेकर जीजा-साले के बीच विवाद हो गया। विवाद इतना बढ़ गया कि आरोप है कि जीजा ने समोसा बनाने के लिए कढ़ाही में रखा गर्म तेल अपने साले के चेहरे और सिर पर डाल दिया। घटना में युवक गंभीर रूप से झुलस गया। शिकायत के बाद बेलगहना पुलिस ने आरोपी जीजा के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
मिली जानकारी के अनुसार ग्राम शक्तिबहरा बांधपारा निवासी दुर्गेश कुमार कोल राजमिस्त्री का काम करता है। करीब दो सप्ताह पहले उसने अपना रेडमी कंपनी का मोबाइल फोन अपने जीजा नारायण कोल को इस्तेमाल करने के लिए दिया था।
बताया गया कि 29 अगस्त की सुबह करीब 10 बजे दुर्गेश अपना मोबाइल वापस लेने के लिए शक्तिबहरा बांध के पास स्थित नारायण के होटल पहुंचा। उस समय नारायण होटल में समोसा बना रहा था। दुर्गेश ने जब मोबाइल वापस मांगा तो नारायण ने उसके शराब के नशे में होने और होटल में हल्ला करने की बात कहते हुए बाद में आने को कहा।
इसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद शुरू हो गया। आरोप है कि नारायण ने गाली-गलौज करते हुए समोसा बनाने वाली कढ़ाही में रखा गर्म तेल दुर्गेश के चेहरे के बाईं ओर और सिर पर डाल दिया। गर्म तेल की चपेट में आने से दुर्गेश के चेहरे, सिर, गाल और नाक में जलन हुई, जबकि नाक और दाहिनी आंख के नीचे की त्वचा भी झुलस गई।
घटना के बाद पीड़ित ने बेलगहना चौकी पहुंचकर मामले की शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के आधार पर पुलिस ने नारायण कोल के खिलाफ धारा 118(1) और 296 बीएनएस के तहत अपराध दर्ज कर लिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

Back to top button
error: Content is protected !!