सुर्खियां

नागपंचमी पर्व पर मानस मंडलियों को रामचरित मानस का वितरण, सनातनी परंपरा को पुनर्जीवित करने की पहल

कोटा – सावन के पवित्र माह में पूरे अंचल में भगवान शिव की आराधना और भक्ति का माहौल बना हुआ है। जगह-जगह कांवड़ यात्राएं निकाली जा रही हैं और बोल बम के जयघोष से क्षेत्र गुंजायमान हो रहा है। इसी धार्मिक वातावरण के बीच पूर्व जनपद अध्यक्ष कोटा संदीप शुक्ला द्वारा कोटा क्षेत्र की विभिन्न मानस मंडलियों को रामचरित मानस का वितरण किया जा रहा है।
संदीप शुक्ला ने बताया कि ग्रामीण क्षेत्रों में आदिकाल से सावन माह में प्रतिदिन मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान श्रीराम की रामचरित मानस का गायन एवं वादन करने की परंपरा रही है, जिसे स्थानीय स्तर पर ‘सवनाही’ के नाम से जाना जाता है। आधुनिकता और मोबाइल के बढ़ते प्रभाव के कारण यह सनातनी परंपरा धीरे-धीरे कम होती जा रही है। इसी परंपरा को पुनः गांव-गांव में जीवंत करने के उद्देश्य से मानस मंडलियों को रामचरित मानस का वितरण किया जा रहा है। इससे क्षेत्र की मानस मंडलियों और श्रद्धालुओं में उत्साह का माहौल है।
दलहा बाबा मंदिर में हुआ रुद्राभिषेक और मानस पाठ
सावन के तीसरे सोमवार को ग्राम पंचायत नवागांव सलका स्थित प्रसिद्ध दलहा बाबा मंदिर में धार्मिक आयोजन हुआ। पूरे सावन माह यहां भगवान शिव की पूजा-अर्चना के साथ रामचरित मानस का पाठ किया जाता है। नागपंचमी के अवसर पर श्रद्धालुओं द्वारा विधिवत रुद्राभिषेक भी किया गया।
इसी पुण्य अवसर पर मंदिर परिसर में अमाली, नवागांव, बिलिबंद, झोंकापारा, लमेरपारा, डोंगरीपारा, पोंडी, गड्ढापारा, डबरीपारा, परसदा, श्रीपारा और सलका सहित विभिन्न गांवों की मानस मंडलियों को रामचरित मानस का वितरण किया गया। यह वितरण दलहा बाबा मंदिर के पुजारी पंडित राधेश्याम महाराज, मोहन श्रीवास एवं संदीप शुक्ला के कर-कमलों से किया गया।
सनातनी परंपराओं को आगे बढ़ाने पर जोर
मंदिर के पुजारी पंडित राधेश्याम महाराज ने उपस्थित मानस मंडलियों एवं श्रद्धालुओं को सावन माह की शुभकामनाएं देते हुए आशीर्वाद प्रदान किया। उन्होंने कहा कि पूर्व में कोटा के विधायक एवं मंत्री रहे स्वर्गीय राजेंद्र प्रसाद शुक्ला द्वारा अपने कार्यकाल में पूरे प्रदेश में तुलसी मानस सम्मान जैसे आयोजनों के माध्यम से रामचरित मानस और मानस मंडलियों को प्रोत्साहित किया जाता था। उसी परंपरा को आगे बढ़ाने का प्रयास किया जा रहा है, जो सनातन संस्कृति और हिंदू धर्म के लिए हितकारी है।
रामचरित मानस वितरण के अवसर पर अफजल खान, हैप्पी गुप्ता, विकास देवांगन, जय गुप्ता, दुर्गेश सिंह, राजकुमार सिंह, पवन आर्मो, प्रेम श्रीवास, ओमप्रकाश यादव, प्रेम यादव सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु एवं मानस मंडलियों के सदस्य उपस्थित रहे।

Back to top button
error: Content is protected !!