
कोटा – रतनपुर थाना क्षेत्र के ग्राम अकलतरी में शनिवार-रविवार की दरम्यानी रात नशे में हुए विवाद ने खूनी रूप ले लिया। मामूली कहासुनी के बाद दो युवकों ने घर की छत पर चढ़कर एक युवक पर ईंट और हंसिया से जानलेवा हमला कर दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद गांव में दहशत का माहौल है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस के अनुसार मृतक की पहचान इंद्रप्रकाश उर्फ गोलू भार्गव (35 वर्ष), निवासी नीम चौक, ग्राम अकलतरी के रूप में हुई है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि मोहल्ले में कुछ लोग नशे की हालत में गाली-गलौज कर रहे थे। इसी बात को लेकर विवाद शुरू हुआ, जो देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गया।

आरोप है कि विवाद के बाद अमित कुमार सोनवानी (19 वर्ष) और सुधीर सोनवानी (26 वर्ष), दोनों निवासी ग्राम अकलतरी, मृतक के घर पहुंच गए। दोनों आरोपी घर की छत पर चढ़े और दीवार से ईंट निकालकर इंद्रप्रकाश के सिर पर लगातार वार किए। इसके बाद हंसिया से भी हमला कर दिया। गंभीर चोटों के कारण इंद्रप्रकाश ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया।
घटना की सूचना मिलते ही रतनपुर थाना प्रभारी निलेश पांडेय पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल को सुरक्षित कर फॉरेंसिक साइंस लैब (एफएसएल) की टीम से वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाए। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर हत्या का मामला दर्ज कर लिया है। पूछताछ के दौरान घटना के कारणों और पूरे घटनाक्रम की विस्तृत जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जांच के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
इस सनसनीखेज हत्या की घटना से अकलतरी गांव में शोक और भय का माहौल है। ग्रामीणों ने क्षेत्र में शराब और नशे पर प्रभावी कार्रवाई की मांग की है।
