
गौरेला-पेंड्रा-मरवाही : स्वास्थ्य विभाग द्वारा जिले में 13 से 18 जुलाई तक विशेष एचपीवी (ह्यूमन पैपिलोमा वायरस) टीकाकरण सप्ताह का आयोजन किया जा रहा है। अभियान के अंतर्गत 17 जुलाई को विशेष एचपीवी टीकाकरण दिवस मनाया गया, जिसमें जिले ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए राज्य में सर्वाधिक एचपीवी टीकाकरण का उल्लेखनीय रिकॉर्ड बनाया। इस अभियान का उद्देश्य 14 से 15 वर्ष आयु वर्ग की पात्र बालिकाओं को एचपीवी वैक्सीन लगाकर सर्वाइकल कैंसर जैसी गंभीर बीमारी से सुरक्षित करना है।
कलेक्टर विजय दयाराम के. के मार्गदर्शन में अभियान की शुरुआत शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय नेवसा एवं शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय चुकतीपानी विकासखंड गौरेला से की गई। राज्य स्तर से जिले को 3,893 बालिकाओं के टीकाकरण का लक्ष्य प्राप्त हुआ है। विशेष टीकाकरण दिवस पर जिले के 74 विद्यालयों में चिकित्सा अधिकारियों एवं स्वास्थ्य अमले की उपस्थिति में व्यापक स्तर पर टीकाकरण किया गया। अभियान के दौरान लगभग 809 बालिकाओं का ऑनलाइन तथा 1,100 बालिकाओं का ऑफलाइन पंजीकरण एवं टीकाकरण किया गया। इस उपलब्धि के साथ गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिले ने राज्य में सर्वाधिक एचपीवी टीकाकरण कर उल्लेखनीय सफलता प्राप्त की। अभियान के दौरान जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी मुकेश रावटे, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. रामेश्वर शर्मा, सहायक आयुक्त आदिवासी विकास श्री गोपेश मनहर सहित स्वास्थ्य विभाग, शिक्षा विभाग एवं विद्यालयों के शिक्षकों का सक्रिय सहयोग रहा।
