
कोटा – करगी रोड रेलवे स्टेशन पर मालगाड़ी डिरेलमेंट मामले में रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) ऊसलापुर को बड़ी सफलता मिली है। घटना के बाद से फरार चल रहे मुख्य आरोपी पवन नायक को आरपीएफ की टास्क टीम और ऊसलापुर पोस्ट की संयुक्त टीम ने मध्यप्रदेश के अनूपपुर जिले के पुष्पराजगढ़ क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया है।
आरपीएफ अधिकारियों के अनुसार, 13 जुलाई 2026 को करगी रोड स्टेशन की लाइन नंबर-3 पर मालगाड़ी (टी/एन बॉक्स-419) के डिरेलमेंट की घटना हुई थी। जांच के दौरान यह सामने आया कि घटना में कुछ लोगों की संलिप्तता थी। मामले में आरपीएफ ने त्वरित कार्रवाई करते हुए घटना के महज 10 घंटे के भीतर 10 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया था, जबकि मुख्य आरोपी पवन नायक फरार हो गया था।
लगातार तलाश के बाद आरपीएफ की टास्क टीम बिलासपुर और रेलवे सुरक्षा बल पोस्ट ऊसलापुर ने 16 जुलाई को फरार आरोपी पवन नायक (29 वर्ष), निवासी करपा, पोस्ट करपा, थाना करन पठार, तहसील पुष्पराजगढ़, जिला अनूपपुर (मध्यप्रदेश) को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी को मामले में विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक प्रक्रिया के लिए प्रस्तुत किया गया।
आरपीएफ के अनुसार, इस गिरफ्तारी के साथ ही करगी रोड मालगाड़ी डिरेलमेंट मामले में गिरफ्तार आरोपियों की संख्या बढ़कर 11 हो गई है। मामले की जांच अभी भी जारी है और घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की भी पड़ताल की जा रही है।
इस कार्रवाई को रेलवे सुरक्षा बल की बड़ी सफलता माना जा रहा है, जिसने गंभीर रेल सुरक्षा मामले में त्वरित जांच कर मुख्य आरोपी को भी कानून के शिकंजे में ला दिया।
