सुर्खियां

करगी रोड स्टेशन मालगाड़ी डिरेल मामला: 10 घंटे में 10 आरोपी गिरफ्तार, CCTV और मोबाइल लोकेशन से खुला राज

कोटा – करगी रोड रेलवे स्टेशन पर मालगाड़ी के डिरेल होने के मामले में रेलवे सुरक्षा बल (RPF) ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मात्र 10 घंटे के भीतर 10 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। मामले में एक फरार आरोपी की तलाश जारी है।
RPF के अनुसार, 13 जुलाई 2026 को दोपहर करीब 2:20 बजे करगी रोड रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म क्रमांक-2 स्थित लाइन नंबर-3 पर N-Box-914 खाली रैक की मालगाड़ी के तीन वैगन पटरी से उतर गए थे। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि ट्रैक पर JCB मशीन का बकेट आ जाने के कारण यह हादसा हुआ।


जांच में पता चला कि उक्त JCB बकेट को इंदौर से करगी रोड तक ट्रेन संख्या 18233 इंदौर-बिलासपुर नर्मदा एक्सप्रेस के ए-1 कोच में कोच अटेंडेंट की मदद से निजी ठेकेदार पवन नायक (निवासी करपा, अनूपपुर) द्वारा भेजा गया था। करगी रोड स्टेशन पर बकेट को प्लेटफॉर्म-2 पर उतारकर 5-6 मजदूर प्लेटफॉर्म-1 की ओर ले जा रहे थे। इसी दौरान अचानक मालगाड़ी आने पर मजदूर बकेट को ट्रैक पर छोड़कर हट गए, जिससे मालगाड़ी के तीन वैगन पटरी से उतर गए।


घटना के बाद RPF ने इंदौर से बिलासपुर तक के रेलवे स्टेशनों के CCTV फुटेज खंगाले। फुटेज में इंदौर स्टेशन पर JCB बकेट को ए-1 कोच में चढ़ाते हुए देखा गया। इसके बाद बिलासपुर स्टेशन पर कोच अटेंडेंट को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। उससे मिली जानकारी और मोबाइल लोकेशन के आधार पर RPF ने मामले में शामिल 10 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपी:
कमलेश टेकाम उर्फ मुन्ना (25 वर्ष)
नरहर सिंह उर्फ पिंटू (35 वर्ष)
देवा सिंह उर्फ मुन्ना (38 वर्ष)
बुद्ध सिंह (49 वर्ष)
छत्रपति मरावी (32 वर्ष)
लोकेश मांडवी (19 वर्ष)
अनुराग मरावी (31 वर्ष)
अभिषेक यादव (21 वर्ष) – JCB बकेट मंगाने वाला
मोहम्मद शमीर (24 वर्ष) – कोच अटेंडेंट
अमित यादव (23 वर्ष)
वहीं, मामले का मुख्य आरोपी पवन नायक, जो निजी ठेकेदार बताया गया है, फिलहाल फरार है। उसकी गिरफ्तारी के लिए रेलवे सुरक्षा बल की टीम लगातार छापेमारी कर रही है।
RPF ने आरोपियों के विरुद्ध रेलवे अधिनियम के तहत कार्रवाई करते हुए आगे की जांच शुरू कर दी है। इस मामले में CCTV फुटेज, मोबाइल लोकेशन और तकनीकी साक्ष्यों ने आरोपियों तक पहुंचने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

Back to top button
error: Content is protected !!