
कोटा – किशोरियों को गर्भाशय ग्रीवा (सर्वाइकल) कैंसर जैसी गंभीर बीमारी से सुरक्षित रखने के लिए विकासखंड कोटा में एचपीवी (ह्यूमन पैपिलोमा वायरस) टीकाकरण अभियान चलाया जा रहा है। अभियान के प्रति लोगों को जागरूक करने के उद्देश्य से जनपद पंचायत कोटा की अध्यक्ष सूरज राधेलाल भारद्वाज अपनी 14 वर्षीय पुत्री सृष्टि भारद्वाज को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचीं और एचपीवी वैक्सीन लगवाकर समाज के सामने प्रेरणादायी उदाहरण प्रस्तुत किया।

इस अवसर पर सृष्टि भारद्वाज ने कहा, “आज मैं एचपीवी वैक्सीन लगवाने आई हूं। इसका किसी भी प्रकार का कोई साइड इफेक्ट नहीं है। यह वैक्सीन हमारे स्वास्थ्य की सुरक्षा के लिए बहुत महत्वपूर्ण है। मैं अपनी सभी सहेलियों और साथियों से अपील करती हूं कि वे भी यह टीका अवश्य लगवाएं और गर्भाशय कैंसर जैसी गंभीर बीमारी से स्वयं को सुरक्षित रखें।”

जनपद अध्यक्ष सूरज राधेलाल भारद्वाज ने कहा, “मैं अपनी बेटी को एचपीवी टीकाकरण के लिए लेकर आई हूं ताकि समाज में सकारात्मक संदेश जाए। इस टीके से किसी प्रकार का कोई दुष्प्रभाव नहीं है। मैं सभी अभिभावकों से आग्रह करती हूं कि 14 से 15 वर्ष आयु वर्ग की अपनी बेटियों को यह टीका अवश्य लगवाएं। यह टीकाकरण उन्हें भविष्य में गर्भाशय कैंसर जैसी गंभीर बीमारी से बचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।”

सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कोटा की कार्यक्रम अधिकारी श्वेता सिंह ने बताया कि यह टीकाकरण उन बालिकाओं के लिए है जिन्होंने 14 वर्ष की आयु पूर्ण कर ली है, लेकिन 15 वर्ष की आयु पूर्ण नहीं की है। विकासखंड कोटा में लगभग 3100 बालिकाओं के टीकाकरण का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इसके लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, सभी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों एवं निर्धारित टीकाकरण केंद्रों पर नियमित रूप से एचपीवी वैक्सीन लगाई जा रही है।
उन्होंने बताया कि स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारी, एएनएम, मितानिन एवं अन्य स्वास्थ्य कार्यकर्ता जनजागरूकता अभियान के माध्यम से लोगों को टीकाकरण के लिए प्रेरित कर रहे हैं। एचपीवी वैक्सीन सुरक्षित एवं प्रभावी है तथा इससे घबराने की आवश्यकता नहीं है।
स्वास्थ्य विभाग ने सभी अभिभावकों से अपील की है कि वे किसी भी तरह की अफवाहों पर ध्यान न दें और अपनी पात्र बालिकाओं का समय पर एचपीवी टीकाकरण कराकर उन्हें गर्भाशय ग्रीवा कैंसर जैसी गंभीर बीमारी से सुरक्षित भविष्य का सुरक्षा कवच प्रदान करें।
