सुर्खियां

संयुक्त संचालक शिक्षा से छत्तीसगढ़ शिक्षक संघ की सौजन्य भेंट, वरिष्ठता व पदोन्नति सहित शिक्षकों की समस्याओं पर हुई चर्चा

बिलासपुर – छत्तीसगढ़ शिक्षक संघ, जिला इकाई बिलासपुर के प्रतिनिधिमंडल ने उपप्रांताध्यक्ष डॉ. अशोक कुमार गुप्ता के नेतृत्व में नवपदस्थ संयुक्त संचालक शिक्षा, बिलासपुर संभाग अश्विनी कुमार भारद्वाज से सौजन्य भेंट कर उनका स्वागत किया। इस दौरान शिक्षकों की विभिन्न लंबित समस्याओं एवं प्रशासनिक विषयों पर विस्तार से चर्चा हुई।
प्रतिनिधिमंडल ने प्रशिक्षित स्नातक, स्नातकोत्तर शिक्षक तथा प्राथमिक शाला के प्रधान पाठक (एलबी एवं नियमित) की संभागीय वरिष्ठता सूची में सामने आई त्रुटियों की ओर ध्यान आकर्षित करते हुए व्यापक सुधार की मांग रखी। इस पर संयुक्त संचालक ने आश्वस्त किया कि सभी जिलों से संशोधित वरिष्ठता सूची दोबारा मंगाकर नई एवं त्रुटिरहित संभागीय वरिष्ठता सूची जल्द जारी की जाएगी।


जिला अध्यक्ष राजेंद्र श्रीवास ने सुझाव दिया कि संभाग स्तर पर ऐसा साझा मंच विकसित किया जाए, जिसके माध्यम से संयुक्त संचालक कार्यालय के आदेश, निर्देश एवं आवश्यक सूचनाएं सभी शिक्षकों तक समय पर पहुंच सकें। उन्होंने माध्यमिक शाला के प्रधान पाठकों की पदोन्नति प्रक्रिया शीघ्र पूर्ण करने तथा व्याख्याता पद के लिए पात्र शिक्षकों के प्रस्ताव तत्काल डीपीआई भेजने की मांग भी रखी।


संयुक्त संचालक ने प्रतिनिधिमंडल की मांगों पर सकारात्मक पहल का भरोसा दिलाते हुए कहा कि शिक्षकों की समस्याओं के समाधान के लिए आवश्यक प्रशासनिक कार्रवाई प्राथमिकता के आधार पर की जाएगी।
भेंटवार्ता में उपप्रांताध्यक्ष डॉ. अशोक कुमार गुप्ता, जिला अध्यक्ष राजेंद्र श्रीवास, जिला सचिव संतोष तिवारी, उप जिला अध्यक्ष शिवकुमार श्रीवास, नगर अध्यक्ष दिलीप कुमार शर्मा, रश्मि द्विवेदी, शिव शंकर नामदेव, चंद्रकला शर्मा, सूर्यकांत शर्मा, संध्या दुबे, संध्या गौरहा, सुरेंद्र कुमार दुबे, मृगेंद्र शर्मा, गोरख मैडम सहित शिक्षक संघ के कई पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित रहे।

Back to top button
error: Content is protected !!