
कोटा – शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय कोटा में मंगलवार को विकासखंड स्तरीय शाला प्रवेशोत्सव का आयोजन हर्षोल्लास के साथ किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती के चित्र पर पूजा-अर्चना, सरस्वती वंदना एवं राजगीत के साथ हुआ। विद्यार्थियों ने आकर्षक सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर अतिथियों का स्वागत किया, जिसकी सभी ने सराहना की।

नवपदस्थ विकासखंड शिक्षा अधिकारी गोपाल दुबे ने शाला प्रवेशोत्सव के उद्देश्य और शासन की विभिन्न महत्वाकांक्षी योजनाओं की जानकारी देते हुए विद्यार्थियों को शिक्षा के क्षेत्र में कड़ी मेहनत कर आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।

कार्यक्रम की मुख्य अतिथि जनपद पंचायत कोटा की अध्यक्ष श्रीमती सूरज साधेलाल भारद्वाज ने नवप्रवेशी विद्यार्थियों को पाठ्य पुस्तकें एवं गणवेश वितरित किए तथा तिलक लगाकर और मिठाई खिलाकर उनका स्वागत किया। उन्होंने सरस्वती साइकिल योजना के तहत छात्राओं को साइकिलें भी प्रदान कीं। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि शासन द्वारा विद्यार्थियों को अध्ययन के लिए अनेक सुविधाएं निःशुल्क उपलब्ध कराई जा रही हैं, जिनका लाभ उठाकर उन्हें अपने उज्ज्वल भविष्य के लिए मन लगाकर पढ़ाई करनी चाहिए।

विशिष्ट अतिथि एवं भाजपा मंडल महामंत्री सुलेश पाण्डेय ने कहा कि शिक्षा ही जीवन में नई ऊंचाइयों तक पहुंचने का सबसे प्रभावी माध्यम है और अपने सपनों को साकार करने के लिए निरंतर परिश्रम आवश्यक है।

विद्यालय की प्राचार्य श्रीमती आशा दत्ता ने अपने अनुभव साझा करते हुए विद्यार्थियों को नियमित अध्ययन और अनुशासन के माध्यम से सफलता प्राप्त करने का संदेश दिया।
कार्यक्रम में विधायक प्रतिनिधि कुलवंत सिंह ठाकुर, पार्षद कान्हा संतोष गुप्ता, देवेंद्र कौशिक, जब्बार खान, गिरिराज गोस्वामी, बसंत तिवारी, अनिल मसीह सहित अनेक जनप्रतिनिधि, शिक्षा विभाग के अधिकारी, शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं बड़ी संख्या में विद्यार्थी और अभिभावक उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन व्याख्याता डॉ. रामबाबू गुप्ता ने किया।
