
गौरेला-पेंड्रा-मरवाही।
पेंड्रा बाईपास निर्माण की मांग को लेकर 10 जुलाई से जनआंदोलन, जिला प्रेस क्लब ने किया अनिश्चितकालीन क्रमिक भूख हड़ताल का ऐलान
“अब और इंतजार नहीं” : पेंड्रा बाईपास के लिए सड़क पर उतरेंगे नागरिक, जिला प्रेस क्लब ने सभी वर्गों से मांगा समर्थन
गौरेला पेंड्रा मरवाही
वर्षों से लंबित पेंड्रा बाईपास निर्माण की मांग को लेकर अब जनआंदोलन का बिगुल बज चुका है। जिला प्रेस क्लब गौरेला-पेंड्रा-मरवाही ने पेंड्रा नगर की यातायात एवं जनसुरक्षा से जुड़ी इस महत्वपूर्ण समस्या को लेकर 10 जुलाई 2026 से अनिश्चितकालीन क्रमिक भूख हड़ताल एवं जनआंदोलन प्रारंभ करने की घोषणा की है। आंदोलन दुर्गा चौक में पंडाल में संचालित किया जाएगा।
इस संबंध में जिला प्रेस क्लब द्वारा मुख्यमंत्री के नाम कलेक्टर के माध्यम से ज्ञापन सौंपते हुए बाईपास निर्माण हेतु आवश्यक बजट की तत्काल स्वीकृति और निर्माण कार्य शीघ्र प्रारंभ कराने की मांग की गई है।
ज्ञापन में उल्लेख किया गया है कि तत्कालीन मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह द्वारा 24 सितंबर 2018 को लगभग 13 किलोमीटर लंबी पेंड्रा बाईपास सड़क की घोषणा की गई थी। इसके बाद भूमि पूजन एवं शिलान्यास कार्यक्रम भी संपन्न हुआ तथा परियोजना के लिए लगभग 55 करोड़ रुपये की स्वीकृति प्रदान की गई थी। बावजूद इसके पर्याप्त बजट के अभाव में आज तक निर्माण कार्य प्रारंभ नहीं हो सका है।
जिला प्रेस क्लब का कहना है कि बाईपास सड़क के अभाव में भारी वाहनों का आवागमन नगर के भीतर से ही हो रहा है, जिससे दुर्घटनाओं का खतरा लगातार बढ़ता जा रहा है। बीते वर्षों में अनेक सड़क दुर्घटनाओं में लोगों की जान गई है तथा कई परिवारों ने अपने परिजनों को खोया है। ऐसे में बाईपास निर्माण केवल विकास का विषय नहीं बल्कि जनसुरक्षा से जुड़ा अत्यंत महत्वपूर्ण मुद्दा बन चुका है।
ज्ञापन में यह भी कहा गया है कि पेंड्रा बाईपास क्षेत्र की यातायात व्यवस्था को सुगम बनाने, व्यापारिक गतिविधियों को गति देने तथा भविष्य की आवश्यकताओं को पूरा करने के लिए अत्यंत आवश्यक है। लंबे समय से मांग किए जाने के बावजूद परियोजना पर कोई ठोस प्रगति नहीं होने से आम नागरिकों में निराशा और आक्रोश का वातावरण है।
जिला प्रेस क्लब गौरेला-पेंड्रा-मरवाही ने स्पष्ट किया है कि यह आंदोलन पूरी तरह शांतिपूर्ण एवं लोकतांत्रिक तरीके से संचालित किया जाएगा। आंदोलन के माध्यम से सरकार का ध्यान जनभावनाओं की ओर आकर्षित कर बाईपास निर्माण कार्य को शीघ्र शुरू कराने का प्रयास किया जाएगा।
ज्ञापन में जिन मांगों का उल्लेख किया गया है उसमें
स्वीकृत 13 किलोमीटर पेंड्रा बाईपास निर्माण हेतु आवश्यक बजट की तत्काल स्वीकृति।
निर्माण कार्य प्रारंभ करने की निश्चित समय-सीमा की घोषणा।
परियोजना की नियमित निगरानी एवं प्रगति की जानकारी सार्वजनिक करना।
बाईपास निर्माण पूर्ण होने तक नगर में भारी वाहनों के आवागमन को नियंत्रित करने की प्रभावी व्यवस्था।
जिला प्रेस क्लब गौरेला-पेंड्रा-मरवाही ने जिले के सभी राजनीतिक दलों, सामाजिक संगठनों, महिला संगठनों, युवा संगठनों, व्यापारी वर्ग, जनप्रतिनिधियों एवं आम नागरिकों से इस जनआंदोलन में बढ़-चढ़कर सहभागिता निभाने की अपील की है। प्रेस क्लब का कहना है कि पेंड्रा बाईपास किसी एक संगठन या वर्ग का मुद्दा नहीं, बल्कि पूरे क्षेत्र के विकास और जनसुरक्षा से जुड़ा विषय है। इसलिए सभी नागरिकों को दलगत राजनीति से ऊपर उठकर इस जनहित के आंदोलन में शामिल होना चाहिए।
प्रेस क्लब ने कहा है कि जनसमर्थन जितना व्यापक होगा, शासन-प्रशासन तक जनता की आवाज उतनी ही प्रभावी ढंग से पहुंचेगी और वर्षों से लंबित इस महत्वपूर्ण परियोजना को गति मिल सकेगी।


इस दौरान प्रेस क्लब ने जिले के राजनीतिक दलों, सामाजिक संगठनों, महिला एवं युवा संगठनों, व्यापारिक संघों, बुद्धिजीवियों तथा आम नागरिकों से जनहित के इस आंदोलन में सक्रिय सहभागिता की अपील की।
ज्ञापन सौंपने के दौरान अखिलेश नामदेव, गणेश जायसवाल, शरद अग्रवाल, मुकेश विश्वकर्मा, दुर्गेश सिंह बिसेन, राकेश मिश्रा, रामेश्वर तिवारी, संदीप अग्रवाल, उज्जवल तिवारी, प्रवेश शर्मा, मनीष श्रीवास, संजय ठाकुर, अरविन्द बनाफर, जितेंद्र सोनी, प्रशांत डेनियल, अभिषेक गुप्ता, शैलेश सोनी, सत्यम दीक्षित, विपत राम सारथी, रतन केसरवानी, शिवेंद्र तिवारी, आयुष्मान शर्मा सहित बड़ी संख्या में पत्रकार उपस्थित रहे।
