
कोटा – बिलासपुर जिले के कोटा थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम अपने के पास एक युवक की निर्मम हत्या का मामला सामने आया है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार पुरानी रंजिश और कथित प्रेम प्रसंग के विवाद को लेकर आरोपी ने युवक पर जानलेवा हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल युवक की उपचार के दौरान मौत हो गई।

मृतक की पहचान ग्राम पथर्रा निवासी निखिल गोस्वामी पिता गजेंद्र गोस्वामी 28 वर्ष के रूप में हुई है, जो बिलासपुर के एक बार में बाउंसर के रूप में कार्यरत था तथा जिम संचालन से भी जुड़ा हुआ था। बताया जा रहा है कि गुरुवार रात को कोटा स्थित जिम आया हुआ था। इसी दौरान ग्राम पथर्रा के दो युबक के साथ शराब पीने अमने गांव जाने वाले रोड किनारे बैठे थे, इसी बीच कुछ युवक दो मोटरसाइकिल में आये और निखिल की आंखों में मिर्च पाउडर झोंक दिया और फिर भारी पत्थर से हमला कर दिया। हमले में गंभीर रूप से घायल निखिल को परिजन तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र कोटा लेकर पहुंचे, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए सिम्स बिलासपुर रेफर किया गया। सिम्स में उपचार के दौरान चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

घटना की सूचना मिलते ही अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मधुलिका सिंह, डीएसपी नुपूर उपाध्याय तथा कोटा थाना प्रभारी आकाश चौधरी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और जांच शुरू कर दी।
पुलिस की प्रारंभिक जांच में मामला प्रेम प्रसंग और चरित्र शंका से जुड़ा बताया जा रहा है। सूत्रों के अनुसार निखिल का कोटा क्षेत्र की एक महिला से परिचय और मेलजोल था, जिस पर महिला के पति को संदेह था। आशंका जताई जा रही है कि इसी शक के चलते आरोपी ने वारदात को अंजाम दिया।

फिलहाल पुलिस परिजनों और स्थानीय लोगों से पूछताछ कर रही है तथा सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच जारी है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही हत्या के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा। घटना के बाद क्षेत्र में सनसनी का माहौल है।


