
कोटा – नगर पंचायत कोटा द्वारा आयोजित सुशासन तिहार शिविर में वार्ड क्रमांक 14 रामनगर के निवासियों ने अपनी समस्याओं को लेकर सामूहिक आवेदन प्रस्तुत किया। वार्डवासियों ने क्षेत्र में लंबे समय से व्याप्त मूलभूत सुविधाओं की कमी, सफाई व्यवस्था की बदहाली और टैक्स वसूली को लेकर प्रशासन का ध्यान आकर्षित कराया।
आवेदन में बताया गया कि नगर पंचायत क्षेत्र में शामिल होने के बावजूद रामनगर वार्ड को आज तक शहरी सुविधाओं का लाभ नहीं मिल पाया है। क्षेत्र में नियमित सफाई नहीं होने, कचरा वाहन के नहीं पहुंचने तथा नालियों की सफाई और रखरखाव के अभाव के कारण लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

वार्डवासियों ने यह भी उल्लेख किया कि कई स्थानों पर नालियों का निर्माण अधूरा पड़ा हुआ है, जिससे गंदा पानी सड़कों पर बहता है और आवागमन प्रभावित होता है। वहीं पूरे वार्ड में पर्याप्त स्ट्रीट लाइट व्यवस्था नहीं होने से रात के समय अंधेरा बना रहता है।
बिजली व्यवस्था को लेकर भी रहवासियों ने नाराजगी जताई। उनका कहना है कि क्षेत्र में आज भी ग्रामीण स्तर की बिजली लाइनें संचालित हैं, जिनमें बार-बार ट्रिपिंग की समस्या बनी रहती है, जबकि उपभोक्ताओं से शहरी दरों पर टैक्स और शुल्क वसूले जा रहे हैं।
सुशासन शिविर में सौंपे गए आवेदन के माध्यम से वार्डवासियों ने मांग की है कि नगर पंचायत द्वारा शीघ्र आवश्यक आधारभूत सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं। साथ ही चेतावनी दी है कि यदि समस्याओं का समाधान नहीं किया जाता है तो वार्ड क्रमांक 14 रामनगर को पुनः ग्राम पंचायत क्षेत्र में शामिल करने की मांग पर विचार किया जाए।
शिविर में आवेदन सौंपने पहुंचे रहवासियों ने प्रशासन से उनकी समस्याओं का त्वरित निराकरण करने और क्षेत्र के विकास के लिए ठोस कदम उठाने की अपेक्षा जताई है।

