सुर्खियां

मरवाही वन परिक्षेत्र में नर गजराज का आतंक: महुआ बीनने गए ग्रामीण को कुचला, मौके पर मौत

मरवाही: मरवाही वन परिक्षेत्र के सिवनी बीट अंतर्गत ग्राम पंचायत पोंडी के डढ़िया गांव से सटे जंगल में शुक्रवार तड़के एक नर हाथी ने महुआ बीन रहे 55 वर्षीय ग्रामीण पर हमला कर दिया। हाथी के कुचलने से ग्रामीण की मौके पर ही मौत हो गई।

मृतक की पहचान त्रिलोचन सिंह (पिता अंगद सिंह) निवासी डढ़िया के रूप में हुई है। घटना सुबह करीब 4 बजे डढ़िया डोंगरी जंगल में हुई, जब त्रिलोचन सिंह अकेले महुआ फल बीनने जंगल पहुंचे थे।

वन विभाग के अनुसार, यह दो दांत वाला अकेला नर हाथी कटघोरा वन मंडल अंतर्गत पसान वन परिक्षेत्र से 2 अप्रैल की सुबह मरवाही वन परिक्षेत्र के गुल्लीडांड बीट के मालाकोट गांव से सटे जंगल में पहुंचा था। दिनभर विश्राम के बाद यह घुसरिया-घिनौची क्षेत्र होते हुए शुक्रवार तड़के डढ़िया जंगल पहुंच गया। यहां त्रिलोचन सिंह का सामना होने पर हाथी ने उन पर हमला कर दिया। ग्रामीण बचने के लिए कुछ दूर भागे, लेकिन हाथी ने पीछा करके उन्हें कुचल दिया।

हाथी फिलहाल डढ़िया गांव से सटे जंगल के कक्ष क्रमांक 2093 में ठहरा हुआ है।

घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंच गई। रेंजर मुकेश साहू, वनरक्षक (बीट सिवनी) शाहिद खान, ग्राम पंचायत पोंडी के सरपंच हेमचंद मरावी तथा बड़ी संख्या में ग्रामीण घटनास्थल पर मौजूद हैं। वन विभाग ने आगे की कार्यवाही शुरू कर दी है ।

स्थानीय ग्रामीणों में हाथी के हमले को लेकर भय का माहौल है।

वही मरवाही वन परिक्षेत्र के कर्मचारियों के द्वारा हाथियो की सतत् निगरानी , ग्रामीणों को जंगल की ओर ना जाने और दूरी बनाएं रखने के साथ ही महुआ बीनने वालो कि विशेष सावधानी बरतने की अपील की है।

Back to top button
error: Content is protected !!