
कोटा – शासकीय निरंजन केशरवानी महाविद्यालय, कोटा के छात्र आदित्य कुमार श्रीवास ने अपने खेल प्रतिभा के दम पर अटल बिहारी वाजपेयी विश्वविद्यालय बिलासपुर की खो-खो टीम में अपनी जगह पक्की कर ली है। महाविद्यालय के क्रीड़ा अधिकारी राजेश सिंह ने हर्ष व्यक्त करते हुए जानकारी साझा करते हुए बताया कि आगामी पूर्वी क्षेत्रीय अंतर विश्वविद्यालयीन खो-खो प्रतियोगिता 2025-26 का आयोजन सिधो कानों बिरसा विश्वविद्यालय, पुरुलिया (पश्चिम बंगाल) में 02 से 06 अप्रेल 2026 तक किया जा रहा है। इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता में अपनी सहभागिता दर्ज कराने हेतु छात्र का चयन राज्य स्तरीय खो-खो प्रतियोगिता के माध्यम से उत्कृष्ट खेल क्षमता के आधार पर किया गया है। यह चयन प्रक्रिया शासकीय लाल चक्रधर शाह स्नातकोत्तर महाविद्यालय, अंबागढ़ चौकी जिला मोहला मानपुर (छ.ग.) में आयोजित प्रतियोगिता से पूर्ण की गई थी। इस प्रतियोगिता में प्रदेश के कुल 11 सेक्टरों की टीमों ने अपनी दावेदारी पेश की थी। कड़े मुकाबले और कड़ी प्रतिस्पर्धा के बीच, शासकीय निरंजन केशरवानी महाविद्यालय के इस छात्र ने अपने बेहतरीन प्रदर्शन से चयनकर्ताओं को प्रभावित किया और अटल बिहारी वाजपेयी विश्वविद्यालय बिलासपुर की टीम में अपना स्थान सुनिश्चित किया। महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. नाज बेंजमीन ने अपना शुभकामना उद्बोधन में कहा कि “उद्यमेन ही सिध्यन्ति कार्याणि न मनोरथैः।” अर्थात्: कार्य परिश्रम से ही सिद्ध होते हैं, केवल इच्छा करने से नहीं । शासकीय निरंजन केशरवानी महाविद्यालय केवल शिक्षा के क्षेत्र में ही नहीं, बल्कि खेल और सांस्कृतिक गतिविधियों में भी अग्रणी रहा है। ग्रामीण और शहरी प्रतिभाओं के संगम वाले इस संस्थान ने हमेशा से ही विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास पर जोर दिया है, जिसका परिणाम आज आदित्य कुमार श्रीवास जैसे खिलाड़ियों की उपलब्धि के रूप में सामने आ रहा है। आदित्य की इस सफलता से अन्य खिलाडियों को भी प्रेरणा मिलेगी । महाविद्यालय के समस्त अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने आदित्य को इस सफलता के लिए शुभकामनायें देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
