सुर्खियां

एन एच 45 में धूल के गुब्बारे से त्रस्त है जनता, ठेकेदार द्वारा मापदंड का नहीं किया जा रहा पालन, पर्याप्त पानी नहीं डालने से उठ रहा धूल का गुबार, स्वास्थ्य पर विपरीत प्रभाव के साथ-साथ दुर्घटना की बनी रहती है आशंका

बिलासपुर – एनएच-45 रतनपुर–मझवानी–केंदा–केवची मार्ग पर चल रहे सड़क निर्माण कार्य में निर्धारित मानकों का पालन नहीं किए जाने से राहगीरों और ग्रामीणों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि संबंधित ठेकेदार द्वारा निर्माण कार्य में लापरवाही बरती जा रही है, जिससे क्षेत्र में धूल का गुबार लगातार उठ रहा है।


जानकारी के अनुसार, निर्माणाधीन सड़क पर मिट्टी तो डाली जा रही है, लेकिन उस पर नियमित रूप से पानी का छिड़काव नहीं किया जा रहा है। ग्राम छतौना के ग्रामीणों ने बताया कि नियमानुसार दिन में कम से कम दो बार पर्याप्त मात्रा में पानी का छिड़काव किया जाना चाहिए, ताकि धूल न उड़े। इसके अलावा निर्माण सामग्री को ग्रीन नेट से ढककर रखना भी आवश्यक है, लेकिन ठेकेदार द्वारा इन मानकों का पालन नहीं किया जा रहा है।


ग्रामीणों का कहना है कि ठेकेदार की लापरवाही और मनमानी के कारण सड़क पर धूल का गुबार उठ रहा है, जो मानव स्वास्थ्य, वनस्पति और वायुमंडल के लिए नुकसानदायक साबित हो सकता है। साथ ही धूल भरी हवा के कारण सड़क स्पष्ट दिखाई नहीं देती, जिससे दुर्घटना की आशंका भी बनी रहती है।

Back to top button
error: Content is protected !!