

कोटा – शासकीय निरंजन केशरवानी महाविद्यालय, कोटा के तत्वावधान में आयोजित अंतर महाविद्यालयीन क्रॉस कंट्री 10 किलोमीटर महिला-पुरुष रेस प्रतियोगिता’ का भव्य आयोजन बहतराई स्टेडियम में संपन्न हुआ। इस प्रतियोगिता में कोटा महाविद्यालय की छात्रा नंदेश्वरी पोर्ते ने अपनी उत्कृष्ट खेल प्रतिभा का प्रदर्शन करते हुए द्वितीय स्थान प्राप्त कर महाविद्यालय का नाम रोशन किया है।

इस सन्दर्भ में जानकारी देते हुए क्रीड़ा अधिकारी राजेश सिंह ने बताया की आज दिनांक 22 जनवरी 2026 को आयोजित इस अंतर महविद्यालयीन क्रॉस कंट्री रेस (महिला/पुरुष) स्पर्धा में बिलासपुर सेक्टर के विभिन्न प्रतिष्ठित महाविद्यालयों के खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया जिसमे बिलासा कन्या महाविद्यालय, जमुना प्रसाद महाविद्यालय, भंवर सिंह पोर्ते महाविद्यालय, महामाया महाविद्यालय रतनपुर के छात्रों ने अपनी उपस्थिति दर्ज करायी।
इस गरिमामयी आयोजन के मुख्य अतिथि डॉ. प्रमोद तिवारी खेल संचालक – अटल बिहारी बाजपेयी विश्वविद्यालय बिलासपुर ने की, कार्यक्रम के विशिष्ट अतिथि के रूप में द्रोणाचार्य सम्मान से सम्मानित एवं प्रसिद्ध राष्ट्रीय एथलेटिक्स कोच श्री जसविंदर सिंह भाटिया जी उपस्थित रहे उन्होंने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए खेल के क्षेत्र में अनुशासन और कड़ी मेहनत के महत्व पर प्रकाश डाला।
महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. नाज बेंजमीन के नेतृत्व और मार्गदर्शन में इस प्रतियोगिता का सफल संचालन किया गया। आयोजन की कमान निम्नलिखित अनुभवी कंधों पर रही क्रीड़ा अधिकारी राजेश सिंह संयोजक की भूमिका में साथ ही
मंच संचालन विनीत कुमार मन्नाड़े (सहायक प्राध्यापक, भौतिकी) व्यवस्था सहायक के रूप में विकास जायसवाल (ग्रंथपाल) ने सहयोग किया। कार्यक्रम के दौरान खेल जगत की अन्य प्रमुख हस्तियाँ एवं क्रीड़ा अधिकारी डॉ. जितेन्द्र मिश्रा, डॉ. आलोक शर्मा, अरविन्द प्रताप सिंह, शोभा राम टाइगर, चोलेश शंकर साहू एवं विधेन्दु शुक्ला विशेष रूप से उपस्थित रहे, जिन्होंने खिलाड़ियों की हौसला अफजाई की। नंदेश्वरी द्वारा 10 किलोमीटर की कठिन दौड़ में द्वितीय स्थान प्राप्त करने पर शासकीय निरंजन केशरवानी महाविद्यालय में हर्ष का माहौल है। प्राचार्य डॉ. नाज बेंजमीन सहित समस्त प्राध्यापकों और अधिकारी-कर्मचारियों ने नंदेश्वरी को बधाई देते हुए कहा की यह जीत अन्य छात्र-छात्राओं के लिए प्रेरणा का स्रोत बनेगी सभी ने विजेता छात्रा कों उज्ज्वल भविष्य और आगामी प्रतियोगिताओं के लिए शुभकामनाएं प्रेषित की हैं।


