

गौरेला पेंड्रा मरवाही : छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना दिवस पर आज 1 नवम्बर को जिले में प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण के तहत 6500 परिवारों को नए घरों में गृह प्रवेश कराया गया। इसके साथ ही 3200 आवासों का भूमिपूजन भी पूरे उत्साह के साथ किया गया। राज्य स्थापना दिवस पर जिले के सभी ग्राम पंचायतों में भूमिपूजन एवं गृह प्रवेश हेतु कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसके लिए विकासखंड स्तर पर प्रभारी अधिकारियों की नियुक्ति करते हुए सभी ग्राम पंचायतों में क्लस्टरवार व्यवस्थाएं की गई ।
पेंड्रा ब्लॉक में कई परिवारों का पक्के मकान का सपना साकार हुआ। प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण के तहत जनपद पंचायत पेंड्रा में 720 परिवारों ने एक साथ अपने नए पक्के मकानों में गृह प्रवेश किया, जबकि 540 आवासों का भूमि पूजन संपन्न हुआ।
इस वर्ष राज्य स्थापना दिवस के साथ देवउठनी एकादशी का शुभ संयोग बना, जो प्रदेश और देश में विशेष धार्मिक एवं सांस्कृतिक महत्व रखता है। राज्य उत्सव एवं देवउठनी एकादशी के महापर्व पर जनपद पंचायत पेंड्रा की मुख्य कार्यपालन अधिकारी नम्रता शर्मा ने ग्राम पंचायत अड़भार, कुदरी, सकोला एवं कोटमिकला में गृह प्रवेश और भूमि पूजन कराया।
मुख्य कार्यपालन अधिकारी नम्रता शर्मा ने कहा, ”प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी एवं मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय की नीतिगत निर्णय एवं पहल से जनपद के हजारों परिवारों को प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ मिला है।”
इस दौरान ब्लॉक समन्वयक, संबंधित ग्राम पंचायतों के तकनीकी सहायक, सरपंच, सचिव, रोजगार सहायक, आवास मित्र, पंचगण एवं ग्रामीणजन बड़ी संख्या में हर्षोल्लास के साथ उपस्थित रहे।



