
राहुल यादव (लोरमी/मुंगेली) मुंगेली जिले के पथरिया विकासखंड के ग्राम लौदा में शासन की महत्वाकांक्षी सुराजी गांव योजना के तहत स्व सहायता समूह की महिलाएं निर्मित गौठानों में कार्य कर आत्मनिर्भर बन रही हैं। कलेक्टर श्री राहुल देव ने कल 01 दिसंबर को ग्राम लौदा के गौठान का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने स्व सहायता समूह की महिलाओं से चर्चा की और आजीविकामूलक गतिविधियों से होने वाली आमदनी के संबंध में जानकारी ली।

समूह की महिलाओं ने बताया कि उनके द्वारा गौठान में वर्मी कम्पोस्ट के साथ बकरी पालन, मछली पालन, सब्जी और मशरूम उत्पादन का कार्य किया जा रहा है। जय मां कर्मा समूह की महिलाओं ने बताया कि उनके द्वारा गौठान में जिमिकंद का भी उत्पादन किया गया है, जिसकी बाजार में अच्छी मांग है, 25 से 30 रुपए किलो की दर से विक्रय भी हो रहा है। कलेक्टर ने समूह की महिलाओं के कार्यों पर प्रसन्नता जताई और उन्हें पुष्प गुच्छ प्रदान कर सम्मानित किया।

गौठान में पैरादान करने वाले कृषक को पुष्पगुच्छ से किया सम्मानित
कलेक्टर ने कहा कि मुख्यमंत्री श्री भूपेश बघेल के मंशानुरूप ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती प्रदान करने गौठान का निर्माण किया गया है। जहां समूह की महिलाएं विभिन्न आजीविकामूलक गतिविधियों से जुड़ी हुई हैं। उन्होंने समूह की महिलाओं को आर्थिक रूप से विभिन्न गतिविधियों से जोड़कर उन्हें आर्थिक रूप से सशक्त बनाने और आवश्यकतानुसार बैंकों से ऋण उपलब्ध कराने के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए। कलेक्टर ने ग्राम के गौठान में 03 ट्राली पैरादान करने वाले कृषक श्री दरसराम साहू को पुष्पगुच्छ भेंट कर उनका उत्साहवर्धन किया। उन्होंने कहा कि किसान श्री साहू का कार्य अनुकरणीय है। उन्होंने अन्य किसानों को भी पशुधन के लिए गौठान में पैरादान करने की समझाईश दी। उन्होंने कहा कि गौठान में पशुधन के लिए पैरादान करना पुण्य का काम है। इस कार्य में किसान बढ़चढ़ कर हिस्सा लें और पशुधन संरक्षण और संवर्धन के लिए आगे आएं। इस अवसर पर अपर कलेक्टर श्री तीर्थराज अग्रवाल, एसडीएम पथरिया श्रीमती प्रिया गोयल, एसडीएम मुंगेली सुश्री आकांक्षा शिक्षा खलखो सहित संबंधित अधिकारी मौजूद थे।