
राहुल यादव (लोरमी/मुंगेली) मुख्यमंत्री श्री भूपेश बघेल के मंशानुरूप छत्तीसगढ़ के पारम्परिक खेल गतिविधियों में ग्रामीण क्षेत्र एवं नगरीय क्षेत्रों के खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करने के लिए तीन दिवसीय जिला स्तरीय छत्तीसगढ़िया ओलंपिक खेल का आयोजन जिला मुख्यालय स्थित डाॅ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी स्टेडियम में आज 28 नवंबर से प्रारंभ हो गया। यह खेल 30 नवंबर तक चलेगा। प्रतिदिन प्रातः 11 बजे से शाम 04 बजे तक आयोजित होने वाले खेल के प्रथम दिन आज 06 खेल का आयोजन किया गया। जिसमें सभी विकासखंडो और नगरीय निकायों से 500 प्रतिभागी शामिल हुए। जिला स्तरीय खेल का शुभारंभ राज्य पिछड़ा वर्ग आयोग के अध्यक्ष श्री थानेश्वर साहू, नगर पालिका अध्यक्ष श्री हेमेंद्र गोस्वामी, अनुसूचित जाति प्राधिकरण के सदस्य श्रीमती रत्नावली कौशल, कृषि उपज मंडी समिति मुंगेली के अध्यक्ष श्री आत्मा सिंह क्षत्रिय, राजीव युवा मितान क्लब के जिला समन्वयक श्री दुर्गा बघेल, गणमान्य नागरिक श्री राकेश पात्रे, और जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री डी. एस. राजपूत द्वारा दीप प्रज्जलित कर किया गया। इस दौरान अतिथियों ने गिल्ली-डंडा, पीट्ठुल में हाथ भी आजमाए।

जिला स्तरीय छत्तीसगढ़िया ओलंपिक खेल के शुभारंभ कार्यक्रम को संबोधित करते हुए अन्य पिछड़ा वर्ग आयोग के अध्यक्ष श्री साहू ने कहा कि खेल से मन और शरीर दोनों स्वस्थ रहता है। उन्होंने कहा कि लुप्त होने वाले खेलों को पुनः पुनर्जीवित करने का कार्य मुख्यमंत्री श्री भूपेश बघेल द्वारा छत्तीसगढ़िया ओलंपिक खेल का आयोजन किया जा रहा है। जो सराहनीय है। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़िया ओलंपिक खेल गांव स्तर से प्रारंभ किया गया है और यह खेल राज्य स्तर तक खेला जाएगा। खेल में विजेता प्रतिभागियों को राज्य स्तर पर पुरस्कृत किया जायेगा। नगर पालिका मुंगेली के अध्यक्ष श्री गोस्वामी ने मुख्यमंत्री श्री भूपेश बघेल द्वारा लोगों को आर्थिक रूप से स्वावलंबी बनाने के लिए अनेक योजनाओं का संचालन किया जा रहा है। खेल भी आगे बढ़ने का एक सशक्त माध्यम है। आज खेल में खिलाड़ी बढ़चढ़ कर भाग ले रहे हैं, जो बधाई के पात्र हैं। गणमान्य नागरिक श्री पात्रे ने भी कार्यक्रम के शुभारंभ समारोह को संबोधित किया। उन्होंने मुख्यमंत्री श्री बघेल द्वारा छत्तीसगढ़ के पारंपरिक खेलों को पुनर्जीवित करने के लिए किए जा रहे कार्यों की सराहना की।

जिला स्तरीय छत्तीसगढ़िया ओलम्पिक खेल में 18 वर्ष आयुवर्ग के बालक बालिका, 18 से 40 और 40 वर्ष से अधिक आयुवर्ग के महिला पुरुष खिलाड़ियों ने भाग लिया। इस अवसर पर जिला खेल अधिकारी श्री संजय पाल, गणमान्य नागरिक श्री घनश्याम सिंह, श्री संजय सिंह, श्री मनमोहन सिंह ठाकुर, श्री विजय वर्मा सहित बड़ी संख्या में खेल प्रेमी, खिलाड़ी और कोच उपस्थित रहे। कार्यक्रम में मंच का संचालन श्री रामभजन यादव ने किया।
गौरतलब है कि जिला स्तरीय खेल के आज पहले दिन गिल्ली-डंडा, पिट्ठुल, सांखली, लंगड़ी दौड़, 100 मीटर लंबी दौड़ व लम्बी कूद का आयोजन किया गया। वहीं 29 नवंबर को बांटी, बिल्लस, फुगड़ी, गेड़ी, भौंरा एवं रस्साकसी और 30 नवंबर को कबड्डी एवं खो-खो प्रतियोगिता का आयोजन किया जाएगा।