
शैलेश गुप्ता (कोरिया) मनेन्द्रगढ़ ……… श्रीजन आदर्श एजुकेशन सोसाइटी मनेंद्रगढ़ द्वारा गोवर्धन पूजा का उत्सव धूमधाम से मनाया गया। कार्यक्रम चैनपुर स्थित गौठान में आयोजित किया गया। कार्यक्रम संस्था संचालक रमेश कुमार सोनी के मार्गदर्शन में संपन्न हुआ। कार्यक्रम के प्रारंभ में जनपद पंचायत अध्यक्ष डॉ विनय शंकर सिंह द्वारा गौ माता की पूजा अर्चना की गई तथा आरती की गई। इसके बाद ब्लॉक कांग्रेस ग्रामीण अध्यक्ष श्रीमती सुचित्रा दास द्वारा गौ माता को प्रसाद खिलाया गया और सुख, समृद्धि और खुशहाली की कामना की गई।

इसी कड़ी में आदर्श पैरामेडिकल इंस्टीट्यूट के संचालक रमेश कुमार सोनी सह संचालक संजू सोनी के द्वारा गौ माता की पूजा अर्चना की गई। संजय कुमार मिश्रा डॉ राकेश सोनी उपसरपंच रज बल सिंह के द्वारा भी गौठान में गौ माता की पूजा अर्चना कर आशीर्वाद लिया गया।
इस अवसर पर रमेश सोनी ने गायों को उसी प्रकार पवित्र बताया जैसे नदियों में गंगा। उन्होंने कहा की दिवाली के अगले दिन गोवर्धन पूजा की जाती है। लोग इस दिन को अन्नकूट के नाम से भी जानते हैं। इस प्रकार यह त्यौहार भारतीय लोक जीवन में बहुत महत्व का है। इस पर्व में प्रकृति का मानव के साथ सीधा संबंध दिखाई देता है। इस पर्व की अपनी लोककथा और मान्यता है। गोवर्धन पूजा में गोधन अर्थात गायों की पूजा की जाती है। गायों को देवी लक्ष्मी का स्वरूप माना गया है। देवी लक्ष्मी जिस प्रकार सुख समृद्धि प्रदान करती है उसी प्रकार गौ माता भी अपने दूध से स्वास्थ्य रूपी धन प्रदान करती है। इनका बछड़ा खेतों में अनाज उगाता है। इस प्रकार गौ संपूर्ण मानव जाति के लिए पूजनीय और आदरणीय है। गौ के प्रति श्रद्धा प्रकट करने के लिए ही कार्तिक शुक्ल प्रतिपदा के दिन गोवर्धन पूजा की जाती है और इसके प्रतीक के रूप में गायों की पूजा की जाती है।
इस कार्यक्रम में जनपद पंचायत अध्यक्ष डॉ विनय शंकर सिंह, चैनपुर के उप सरपंच रजबल सिंह, सुचित्रा दास, शिक्षिका मनीषा सिंह, स्वाति सोनी सोनी, कुंती, मुकेश, जया सोनवानी आरजू, सचिन,गणेश, रोहन, नीरज, मुकेश, समीक्षा, भूपत, अजमेर, सनी देवन मौजूद रहे।