
कोटा – कोटा थाना क्षेत्र के करगी कला स्थित बीजा मोड़ के पास गुरुवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में 18 वर्षीय युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। चावल लोड कर आ रहे ट्रक की बाइक से टक्कर के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई। हादसे से आक्रोशित ग्रामीणों ने सड़क पर चक्काजाम कर मुआवजे की मांग की। करीब दो घंटे तक चले चक्काजाम के कारण सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और आवागमन प्रभावित रहा।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, चावल लोड कर आ रहा एक ट्रक बीजा मोड़ के पास पहुंचा। इसी दौरान बाइक से काम के सिलसिले में कोटा की ओर जा रहे लोगों को ट्रक ने टक्कर मार दी। हादसे में महेंद्र जगत, पिता साहस जगत, उम्र 18 वर्ष, की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, सुरेंद्र जगत, पिता साहस जगत, के हाथ-पैर में चोटें आई हैं। बाइक पर सवार एक बच्चे को भी गंभीर चोटें लगने की जानकारी सामने आई है।

हादसे में युवक की मौत की खबर फैलते ही ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया। ग्रामीणों ने घटनास्थल पर सड़क जाम कर शासन-प्रशासन से पीड़ित परिवार को मुआवजा देने की मांग की। चक्काजाम के चलते करीब दो घंटे तक सड़क पर यातायात बाधित रहा। इस दौरान दोनों ओर छोटी-बड़ी गाड़ियों की लंबी कतारें लग गईं और राहगीरों को परेशानियों का सामना करना पड़ा।

घटना की सूचना मिलते ही कोटा थाना प्रभारी टीआई शशिकांत भारद्वाज एवं प्रभारी दिलीप साहू पुलिस टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस अधिकारियों ने आक्रोशित ग्रामीणों को समझाइश दी और मामले में जल्द कार्रवाई करने का आश्वासन दिया।

फिलहाल पुलिस मामले की जांच और आगे की वैधानिक कार्रवाई में जुटी हुई है। हादसे के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है।
