
कोटा – बिजली बिल का भुगतान नहीं करने वाले बकायादार उपभोक्ताओं के खिलाफ विद्युत विभाग ने 10 अक्टूबर 2026 को कारगीरोड कोटा में सघन डिस्कनेक्शन अभियान चलाया। अधीक्षण यंत्री श्री एस.के. जांगड़े के नेतृत्व में विद्युत अधिकारियों एवं कर्मचारियों की आठ टीमों ने एक साथ बकायादारों के परिसरों में पहुंचकर कार्रवाई की। अभियान के दौरान 11 लाख रुपये से अधिक की बकाया राशि वाले 33 विद्युत कनेक्शन काटे गए। वहीं, 45 उपभोक्ताओं ने मौके पर ही कुल 7 लाख 40 हजार रुपये का भुगतान किया।
सुबह 11 बजे शुरू हुई यह कार्रवाई करीब चार घंटे तक चली। अभियान के दौरान विभागीय टीमों ने बकाया बिजली बिलों की वसूली के साथ-साथ विद्युत कनेक्शनों की जांच भी की। कार्रवाई से बकायादार उपभोक्ताओं में हड़कंप मचा रहा।
बकाया बिल जमा नहीं करने पर काटे गए कनेक्शन
विद्युत विभाग की कार्रवाई के दौरान श्री चंदन राय के नाम से संचालित ढाबे पर एक लाख रुपये से अधिक का बिजली बिल बकाया होने के कारण कनेक्शन काट दिया गया। इसी प्रकार बहोरिक समर पर 47,200 रुपये, कमला देवी पर 25,600 रुपये, अनुसूया बाई साहू पर 20,800 रुपये, अशोक कुमार साकेत पर 18,500 रुपये, नेवरा की कालिंदी बाई साहू पर 42,000 रुपये, तुलसीराम कुमार पर 38,700 रुपये तथा शिवकुमार अग्रवाल पर 47,800 रुपये की बकाया राशि होने के कारण विद्युत कनेक्शन विच्छेदित किए गए।
हुकिंग कर बिजली जलाने पर तीन उपभोक्ताओं के खिलाफ कार्रवाई
अभियान के दौरान पूर्व में बिजली कनेक्शन काटे जा चुके तीन उपभोक्ता हुकिंग कर अवैध रूप से बिजली का उपयोग करते पाए गए। विभाग ने इनके विरुद्ध विद्युत अधिनियम, 2003 की धारा 138 के तहत प्रकरण तैयार किया।
आठ टीमों ने संभाली अभियान की जिम्मेदारी
कार्यपालन अभियंता बिलासपुर संभाग क्रमांक-2 श्री एम.के. पांडेय के मार्गदर्शन में अभियान संचालित किया गया। कार्रवाई में कार्यपालन अभियंता श्री एम.के. पांडेय, सहायक अभियंता श्री वी.पी. यादव (कोटा), श्रीमती हेमलता प्रधान (सकरी), कनिष्ठ अभियंता श्री आशीष कुमार (कोटा), श्री अरुण कुमार साहू (बेलगहना), सुश्री दिव्या यादव (रतनपुर) एवं सुश्री दीप्ति जायसवाल (गनियारी) सहित लाइनमैन और तकनीकी कर्मचारी शामिल रहे।
विद्युत विभाग की इस कार्रवाई का उद्देश्य बकाया बिजली बिलों की वसूली सुनिश्चित करना तथा अवैध रूप से बिजली का उपयोग करने वालों पर अंकुश लगाना रहा। विभाग द्वारा उपभोक्ताओं से अपील की गई कि वे समय पर बिजली बिलों का भुगतान करें, ताकि कनेक्शन विच्छेदन जैसी कार्रवाई से बचा जा सके।
