सुर्खियां

खराब सड़क के बावजूद 40 मिनट में घटनास्थल पहुंची डायल 112 की टीम, चार घायलों को पहुंचाया अस्पताल

कोटा – सड़क हादसे में गंभीर रूप से घायल चार व्यक्तियों की मदद के लिए डायल 112 की टीम ने तत्परता दिखाते हुए मानवीय संवेदनशीलता का परिचय दिया। खराब सड़क और कठिन मार्ग के बावजूद टीम महज 40 मिनट के भीतर घटनास्थल पर पहुंची और घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाने की व्यवस्था की।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, डायल 112 के रायपुर स्थित C4 कंट्रोल रूम से ग्राम सिलपहरी, केन्दादाड़ मार्ग पर सड़क हादसे की सूचना प्राप्त हुई। सूचना में बताया गया कि दुर्घटना में चार व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। मामले की गंभीरता को देखते हुए डायल 112 में तैनात आरक्षक क्रमांक 722 लरंग साय केरकेट्टा और वाहन चालक अरविंद तिवारी तत्काल अपने स्टॉपेज पॉइंट से घटनास्थल के लिए रवाना हुए।

मार्ग की खराब स्थिति के बावजूद पुलिस टीम ने तत्परता दिखाते हुए लगभग 40 मिनट के भीतर घटनास्थल पर पहुंचकर घायलों को डायल 112 वाहन में बैठाया और तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) रतनपुर के लिए रवाना हुई।

इसी दौरान रास्ते में ग्राम मझवानी के पास 108 एंबुलेंस मिलने पर सभी घायलों को उसमें शिफ्ट किया गया, ताकि उन्हें आगे उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया जा सके। इसके बाद चारों घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र रतनपुर भेजा गया।

समय पर सहायता पहुंचाना बना प्राथमिकता

हादसे की सूचना मिलते ही डायल 112 की टीम द्वारा दिखाई गई तत्परता और खराब मार्ग के बावजूद घटनास्थल तक पहुंचकर घायलों को अस्पताल भेजने की पहल सराहनीय रही। आपातकालीन परिस्थितियों में पुलिस और एंबुलेंस सेवा के बीच समन्वय से घायलों को समय पर चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराने में मदद मिली।

डायल 112 की इस त्वरित कार्रवाई ने एक बार फिर आपातकालीन सेवा की उपयोगिता और जरूरतमंदों तक तत्काल सहायता पहुंचाने की अहमियत को उजागर किया।

Back to top button
error: Content is protected !!