सुर्खियां

वॉलीबॉल प्रतियोगिता में सरदार भगत सिंह महाविद्यालय बेलगहना ने हासिल किया द्वितीय स्थान

कोटा – सेक्टर स्तरीय महिला वॉलीबॉल प्रतियोगिता में सरदार भगत सिंह महाविद्यालय, बेलगहना की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए द्वितीय स्थान हासिल किया। प्रतियोगिता के दौरान महाविद्यालय की महिला खिलाड़ियों ने बेहतरीन खेल कौशल और टीम भावना का परिचय देते हुए बिल्हा एवं निरंजन कॉलेज की टीमों को पराजित कर फाइनल में अपनी जगह बनाई।

फाइनल मुकाबला बिलासा कन्या महाविद्यालय और सरदार भगत सिंह महाविद्यालय, बेलगहना के बीच खेला गया। रोमांचक मुकाबले में सरदार भगत सिंह महाविद्यालय की टीम ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया। खिलाड़ियों के इस उत्कृष्ट प्रदर्शन से बेलगहना क्षेत्र का गौरव बढ़ा है। उनके प्रदर्शन की खेलप्रेमियों ने सराहना करते हुए तालियों के साथ उत्साहवर्धन किया।

महाविद्यालय की कोच सविता रजक ने बताया कि खिलाड़ी प्रतिदिन निर्धारित समय पर नियमित अभ्यास करती हैं। लगातार मेहनत, अनुशासन और खेल के प्रति समर्पण के कारण खिलाड़ियों के प्रदर्शन में निरंतर सुधार हो रहा है। उन्होंने कहा कि महाविद्यालय प्रबंधन की ओर से खिलाड़ियों को हमेशा सहयोग और प्रोत्साहन मिलता रहा है, जिससे उन्हें अपनी प्रतिभा निखारने का अवसर मिल रहा है।

इस उपलब्धि में महाविद्यालय के व्यवस्थापक डॉ. रंजीत सिंह पवार का भी महत्वपूर्ण योगदान रहा है। वे हमेशा खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करते हुए खेल गतिविधियों को बढ़ावा देने के लिए आगे रहते हैं।

सरदार भगत सिंह महाविद्यालय की महिला वॉलीबॉल टीम की इस उपलब्धि से क्षेत्र में खुशी का माहौल है। खिलाड़ियों ने अपनी मेहनत और प्रतिभा के दम पर यह साबित किया है कि उचित मार्गदर्शन, नियमित अभ्यास और संस्थान के सहयोग से ग्रामीण क्षेत्र की प्रतिभाएं भी खेल के क्षेत्र में अपनी पहचान बना सकती हैं।

Back to top button
error: Content is protected !!