
कोटा – आपातकालीन परिस्थितियों में डायल 112 की त्वरित कार्रवाई एक बार फिर जीवनरक्षक साबित हुई। खेत में छिड़कने वाला कीटनाशक पीने से गंभीर स्थिति में पहुंचे 60 वर्षीय बुजुर्ग को डायल 112 की टीम ने तत्काल अस्पताल पहुंचाकर समय पर उपचार उपलब्ध कराने में मदद की। आरक्षक और वाहन चालक की तत्परता से बुजुर्ग को समय रहते चिकित्सा सुविधा मिल सकी।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, C4 रायपुर से कोटा ईगल-2 बेलगहना में तैनात डायल 112 की टीम को सूचना मिली कि पंडरापथरा निवासी श्रवण कुमार, पिता घासीराम, उम्र 60 वर्ष ने खेत में छिड़काव करने वाला कीटनाशक पी लिया है। सूचना मिलते ही ड्यूटी पर तैनात आरक्षक क्रमांक 722 लरंग साय केरकेट्टा और वाहन चालक अरविंद तिवारी बिना देर किए मौके पर पहुंचे।
मौके पर पहुंचने पर टीम ने देखा कि बुजुर्ग ने कीटनाशक का सेवन कर लिया था। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए टीम ने तत्काल उन्हें डायल 112 वाहन में बैठाया और कोटा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। अस्पताल में चिकित्सकों ने समय रहते उपचार शुरू किया।

डायल 112 की तत्परता आई काम
आपातकालीन सूचना मिलते ही मौके पर पहुंचना और पीड़ित को बिना देरी अस्पताल पहुंचाना डायल 112 की टीम की सक्रियता को दर्शाता है। आरक्षक लरंग साय केरकेट्टा और चालक अरविंद तिवारी की त्वरित कार्रवाई से बुजुर्ग को समय पर उपचार मिल सका। आपात स्थिति में पुलिस की इस तत्परता ने एक बार फिर डायल 112 की उपयोगिता को सामने ला दिया।
