
कोटा – प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र करगीकला में सेवा संकल्प अभियान के तहत 8 अक्टूबर को स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में क्षेत्र के ग्रामीणों को विभिन्न स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई गईं। शिविर में स्वास्थ्य जांच के साथ गर्भवती महिलाओं की जांच, नि:शुल्क रक्त परीक्षण, नशामुक्ति संबंधी जानकारी, नेत्र जांच, दंत चिकित्सा, सिकलिंग जांच, टीबी जांच तथा कुपोषित बच्चों की जांच की गई। इसके अलावा आयुष्मान कार्ड, वय वंदन कार्ड, एचपीवी टीकाकरण एवं विभिन्न राष्ट्रीय स्वास्थ्य कार्यक्रमों की जानकारी भी लोगों को दी गई।

शिविर का आयोजन जनपद अध्यक्ष कोटा श्रीमती सूरज साधेलाल भारद्वाज के मुख्य आतिथ्य में हुआ। कार्यक्रम में ग्राम पंचायत करगीकला की सरपंच श्रीमती किरण महेश करमाकर, उपसरपंच हंसराज साहू, भाजपा मंडल अध्यक्ष भोजेश रजक, महामंत्री श्रीमती अंजना पंत, उपाध्यक्ष रितेश पाण्डेय, महामंत्री मनहरण डडसेना एवं तेरस राजपूत सहित अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। कार्यक्रम में ग्राम करगीकला की मितानिन, मितानिन प्रेरक तथा प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र का समस्त स्टाफ भी मौजूद रहा।

शिविर में कुल 155 मरीजों की स्वास्थ्य जांच की गई। इनमें 21 लोगों की नेत्र जांच, 32 लोगों का रक्त परीक्षण, 6 कुपोषित बच्चों की जांच, 5 गर्भवती माताओं की जांच तथा 2 वय वंदन कार्ड का निर्माण किया गया। इसके अलावा अन्य मरीजों को सामान्य स्वास्थ्य सेवाएं एवं आवश्यक चिकित्सकीय परामर्श दिया गया।

कार्यक्रम के अंत में जनप्रतिनिधियों द्वारा प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र परिसर में वृक्षारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया। शिविर के आयोजन से क्षेत्र के ग्रामीणों को एक ही स्थान पर विभिन्न स्वास्थ्य सुविधाओं का लाभ मिला।


