
कोटा – कोटा क्षेत्र में बुधवार शाम अचानक हुई तेज बारिश के बीच आकाशीय बिजली गिरने से दो व्यक्तियों की मौत हो गई। दोनों मृतक आपस में साढ़ू भाई बताए जा रहे हैं। घटना ग्राम लखोदना के अमली बंधान के पास की है।

जानकारी के अनुसार ग्राम लखोदना निवासी मन्ना यादव पिता माखन यादव उम्र 41 वर्ष और ग्राम नवाडीह बेलगहना निवासी कुंजराम यादव पिता गंगाराम यादव उम्र 45 वर्ष बुधवार शाम अपने खेत की ओर गए थे। इसी दौरान शाम करीब 5:30 से 6 बजे के बीच क्षेत्र में तेज बारिश के साथ आकाशीय बिजली गिरी, जिसकी चपेट में दोनों आ गए।

घटना की जानकारी मिलते ही परिजन और ग्रामीण तत्काल मौके पर पहुंचे। दोनों को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कोटा लाया गया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद दोनों को मृत घोषित कर दिया।
घटना के बाद गांव में शोक का माहौल है। देर शाम होने के कारण दोनों शवों का पोस्टमार्टम बुधवार को नहीं हो सका। गुरुवार को पोस्टमार्टम की कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने मामले में आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है।
