सुर्खियां

लखोदना के बाद मानपुर में गिरी आकाशीय बिजली, चपेट में आये व्यक्ति की हुई मौत

कोटा – कोटा थाना क्षेत्र में बुधवार को तेज बारिश के बीच आकाशीय बिजली ने कहर बरपाया। क्षेत्र में दो अलग-अलग घटनाओं में आकाशीय बिजली की चपेट में आने से तीन लोगों की मौत हो गई। इनमें ग्राम लखोदना में दो साढ़ू भाइयों की मौत हुई, जबकि ग्राम दवनपुर के आश्रित ग्राम मानपुर में खेत में काम कर रहे 45 वर्षीय व्यक्ति की जान चली गई।

मानपुर में पेड़ के नीचे बारिश से बचने गए थे जागेश्वर

ग्राम दवनपुर के आश्रित ग्राम मानपुर में बुधवार शाम करीब 5:30 से 6 बजे के बीच आकाशीय बिजली गिरने से 45 वर्षीय जागेश्वर जगत, पिता लखन सिंह जगत की मौत हो गई। बताया गया कि जागेश्वर खेत की मेड़ को मिट्टी से बांधने का काम कर रहे थे। इसी दौरान अचानक तेज बारिश शुरू हो गई। बारिश से बचने के लिए वे पास स्थित पेड़ के नीचे चले गए। इसी दौरान आकाशीय बिजली की चपेट में आने से वे गंभीर रूप से झुलस गए और मौके पर ही उनकी मौत हो गई।

घटना की सूचना के बाद परिजन और ग्रामीण मौके पर पहुंचे। देर रात होने के कारण शव को पोस्टमार्टम के लिए मरचुरी में रखवाया गया है। गुरुवार को पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपे जाने की बात कही गई है।

लखोदना में खेत देखने गए दो साढ़ू भाइयों की भी मौत

इसी तरह ग्राम लखोदना के अमली बंधान के पास खेत देखने गए दो साढ़ू भाई भी आकाशीय बिजली की चपेट में आ गए। हादसे में दोनों की मौत हो गई। बताया जा रहा है कि दोनों बारिश के दौरान खेत में मौजूद थे। अचानक गिरी बिजली की चपेट में आने से दोनों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।

एक ही थाना क्षेत्र में बारिश के दौरान अलग-अलग घटनाओं में तीन लोगों की मौत से क्षेत्र में शोक का माहौल है। लगातार बारिश और आकाशीय बिजली को देखते हुए ग्रामीणों से खुले स्थान, पेड़ और बिजली के खंभों के आसपास खड़े नहीं होने की अपील की जा रही है।

Back to top button
error: Content is protected !!