
कोटा – ‘सेवा संकल्प अभियान’ के अंतर्गत जल संरक्षण में जनभागीदारी को बढ़ावा देने के उद्देश्य से शुक्रवार को अरपा भैंसाझार बैराज प्रांगण एवं आसपास के क्षेत्रों में व्यापक जागरूकता अभियान आयोजित किया गया। यह जिला स्तरीय कार्यक्रम जल संसाधन विभाग, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी (पीएचई) एवं पंचायत विभाग के संयुक्त तत्वावधान में संपन्न हुआ।

कार्यक्रम का आयोजन अधीक्षण अभियंता श्री राजेन्द्र कुमार बंजारे (जल संसाधन मण्डल, बिलासपुर) के मुख्य आतिथ्य तथा श्रीमती भानु साहू (कार्यपालन अभियंता) की अध्यक्षता में किया गया। कार्यक्रम का सफल संचालन इंजीनियर मनीष राठौर एवं श्री आर. पी. साहू के नेतृत्व में हुआ।
स्वच्छता अभियान, जल चौपाल एवं जन जागरूकता
अभियान के तहत बैराज परिसर के आसपास स्वच्छता अभियान चलाकर जल स्रोतों को स्वच्छ रखने का संदेश दिया गया। इस दौरान आयोजित ‘जल चौपाल’ में ग्रामीणों से सीधा संवाद कर वर्षा जल संचयन, जल संरक्षण और प्राकृतिक जल स्रोतों के संवर्धन पर विस्तार से चर्चा की गई। जागरूकता सत्र के दौरान इंजीनियर मनीष राठौर ने अपनी स्वरचित प्रेरणादायी कविता का पाठ किया, वहीं श्री सत्यम पोर्ते ने उद्बोधन देकर ग्रामीणों को जल की महत्ता समझाई।

पीएचई विभाग द्वारा जल शुद्धता जांच का लाइव डेमो
कार्यक्रम में लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग द्वारा ग्रामीणों को हैंडपंप व नल-जल योजनाओं के समुचित संचालन, संधारण एवं जल अर्पण की तकनीकी जानकारी दी गई। साथ ही फील्ड टेस्ट किट के माध्यम से पीने के पानी की गुणवत्ता व शुद्धता जांचने का व्यावहारिक प्रदर्शन (डेमो) कर ग्रामीणों को शुद्ध पेयजल उपयोग हेतु प्रेरित किया गया। उपस्थित जनप्रतिनिधियों, अधिकारी कर्मचरियों एवं ग्रामीणों द्वारा वृक्षारोपण किया गया।

जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों की रही भारी मौजूदगी
इस अवसर पर क्षेत्रीय जनप्रतिनिधियों में भैंसाझार सरपंच श्री चंद्रपाल उइके, जोगीपुर सरपंच श्री कमल अरनब, अमाली उपसरपंच श्री श्याम यादव सहित तीनों विभागों के अधिकारी-कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण जन उपस्थित रहे। उपस्थित सभी लोगों ने जल संरक्षण को जनआंदोलन बनाने और जल स्रोतों की स्वच्छता बनाए रखने का संकल्प लिया।




