
कोटा – वन विकास निगम क्षेत्र के ग्राम दवनपुर में खेत में खाद छिड़कने गए एक ग्रामीण पर बाघ ने हमला कर दिया। अचानक हुए हमले से ग्रामीण घायल हो गया। उसके चेहरे, हाथ और पैर में चोटें आई हैं। ग्रामीण ने हिम्मत दिखाते हुए लोहे के घमेला से बाघ का मुकाबला किया, जिसके बाद बाघ वहां से भाग गया। घटना के बाद गांव और आसपास के क्षेत्र में दहशत का माहौल है।

जानकारी के अनुसार ग्राम दवनपुर निवासी संजू मरकाम पिता महादेव मरकाम (42 वर्ष) शनिवार को अपने खेत में खाद छिड़कने गया था। इसी दौरान खेत की मेड़ पर बैठे बाघ ने अचानक उस पर हमला कर दिया। बाघ के हमले से संजू मरकाम के चेहरे, हाथ और पैर में चोटें आईं।
बताया जा रहा है कि हमले के दौरान संजू मरकाम ने हिम्मत नहीं हारी और अपने पास मौजूद लोहे के घमेला से बाघ पर वार कर दिया। ग्रामीण के प्रतिरोध के बाद बाघ वहां से भाग गया। घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मच गई।

वन विकास निगम की टीम ने पहुंचाया अस्पताल
घटना की सूचना मिलने के बाद वन विकास निगम के अधिकारी एवं कर्मचारी मौके पर पहुंचे और घायल संजू मरकाम को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद उसकी स्थिति को देखते हुए चिकित्सकों ने उसे सिम्स बिलासपुर रेफर कर दिया।

बाघ की तलाश में जुटी वन विभाग की टीम
घटना के बाद वन विकास निगम एवं वन विभाग की टीम ने दवनपुर सहित आसपास के इलाकों में बाघ की तलाश शुरू कर दी है। टीम द्वारा क्षेत्र में लगातार निगरानी की जा रही है। वहीं ग्रामीणों को सतर्क रहने और फिलहाल खेत तथा जंगल की ओर अकेले नहीं जाने की सलाह दी गई है।
वन विभाग की टीम बाघ की गतिविधियों का पता लगाने के लिए आसपास के क्षेत्र में निगरानी कर रही है। घटना के बाद ग्रामीणों में बाघ को लेकर भय का माहौल बना हुआ है।



