सुर्खियां

दूरस्थ ग्राम डाहीबहरा की उर्मिला बैगा को पेण्ड्रा के पीएम श्री विद्यालय एवं छात्रावास में मिला प्रवेश

सामूहिक प्रयास से अब बिना बाधा जारी रख सकेगी कक्षा 11वीं की पढ़ाई

गौरेला-पेण्ड्रा-मरवाही, : गौरेला विकासखंड के दूरस्थ ग्राम डाहीबहरा की बालिका कुमारी उर्मिला बैगा को पीएम श्री सेजेस हिंदी माध्यम शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय पेण्ड्रा में कक्षा 11वीं में प्रवेश दिलाया गया है। साथ ही उसकी पढ़ाई जारी रखने के लिए पोस्ट मैट्रिक आदिवासी कन्या छात्रावास पेण्ड्रा में भी प्रवेश मिला है। उर्मिला के पिता श्री रामचरण बैगा कृषि मजदूरी करते हैं। ग्राम अंधियारखोह में कक्षा 10वीं तक की सुविधा होने के कारण आगे की पढ़ाई उसके लिए कठिन थी। आर्थिक स्थिति कमजोर होने से बाहर रहकर पढ़ाई करना भी संभव नहीं था। इस समस्या की जानकारी शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय सरकारी पारा की प्राचार्य श्रीमती मोनिका जैन को मिली। उन्होंने जिला शिक्षा अधिकारी श्री रजनीश तिवारी को अवगत कराया। उनके मार्गदर्शन में प्राचार्य श्रीमती मोनिका जैन एवं जिला समन्वयक सुश्री सरस्वती यादव ने पहल कर उर्मिला का विद्यालय में प्रवेश कराया।
        प्राचार्य श्रीमती मोनिका जैन ने प्रवेश शुल्क की व्यवस्था की, जबकि नगर पालिका परिषद पेण्ड्रा के अध्यक्ष श्री राकेश जलान ने ड्रेस, पुस्तकें, कॉपियां एवं जूते प्रदान किए। जिला शिक्षा अधिकारी के प्रयासों से छात्रावास में प्रवेश मिलने पर उर्मिला अब आवासीय सुविधा के साथ पढ़ाई जारी रख सकेगी। श्री रजनीश तिवारी ने उर्मिला को मन लगाकर पढ़ाई करने और उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं। इस पहल से उसके उच्च शिक्षा के सपने को नई दिशा मिली है। इस अवसर पर नगर पालिका परिषद अध्यक्ष श्री राकेश जलान, श्री राकेश चतुर्वेदी, विकासखंड शिक्षा अधिकारी पेण्ड्रा श्री आर.एन. चंद्रा, श्री बालमुकुंद अग्रवाल, श्री आलोक शुक्ला सहित संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित थे।

Back to top button
error: Content is protected !!