
कोटा – पैगंबरे इस्लाम हजरत मोहम्मद साहब के जन्मदिवस के अवसर पर बुधवार 26 अगस्त को कोटा नगर में मुस्लिम समाज द्वारा सौहार्दपूर्ण एवं खुशनुमा वातावरण में जुलूसे मोहम्मदी निकाली गई। अंजुमन-इस्लामिया मस्जिद कमेटी कोटा के नेतृत्व में निकली यह जुलूस मस्जिदपारा मस्जिद परिसर से प्रारंभ होकर नगर के प्रमुख चौक-चौराहों से होते हुए जयस्तंभ नाका चौक और मौहारखार पहुंची। दोपहर बाद जुलूस वापस जयस्तंभ नाका चौक होते हुए मस्जिदपारा मस्जिद परिसर पहुंचकर समाप्त हुई।

जुलूस के समापन के बाद दोपहर की नमाज एवं सलातो-सलाम के पश्चात लंगर की फातिहा-खानी हुई। इसके बाद सामाजिक लंगर का आयोजन किया गया, जो दोपहर तक चलता रहा। जुलूस में कोटा नगर सहित आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों से बड़ी संख्या में मुस्लिम समाज के लोग शामिल हुए।
रोजे-मुबारक की आकर्षक झांकी रही मुख्य आकर्षण
जुलूसे मोहम्मदी में हुसैनी यंग कमेटी के युवाओं द्वारा तैयार की गई मोहम्मद साहब के रोजे-मुबारक की आकर्षक झांकी विशेष आकर्षण का केंद्र रही। झांकी को तिरंगे के साथ इस्लामिक झंडों से सजाया गया था। झांकी का निर्माण कोटा के पेंटर एवं झांकी निर्माता राम पेंटर के सहयोग से किया गया।
इससे एक दिन पहले मंगलवार 25 अगस्त की शाम बारिश की बौछारों के बीच हुसैनी यंग कमेटी के युवाओं ने इसी झांकी के साथ रात करीब 8 बजे बाइक रैली निकाली। बाइक रैली पूरे कोटा नगर में भ्रमण करती हुई गुजरी। युवाओं में खासा उत्साह देखने को मिला।

जुलूसे मोहम्मदी में दिखी गंगा-जमुनी तहजीब
जुलूसे मोहम्मदी की वापसी के दौरान अग्रवाल समाज एवं बोल बम कांवड़िया समिति की ओर से सामाजिक सौहार्द की मिसाल पेश की गई। आनंद अग्रवाल एवं संजू गुप्ता सहित सदस्यों ने जुलूस का स्वागत किया और मुस्लिम समाज के लोगों के लिए अग्रसेन भवन में जलपान की व्यवस्था की।
मुस्लिम समाज ने इस आत्मीय स्वागत के लिए अग्रवाल समाज एवं बोल बम कांवड़िया समिति का आभार जताया। समाज के लोगों ने कहा कि विभिन्न सामाजिक आयोजनों में इस तरह का आपसी सहयोग और सहभागिता समाजों को एक-दूसरे के और करीब लाती है तथा यही भारत की गंगा-जमुनी तहजीब की खूबसूरती है।
थाना प्रभारी स्वयं पेट्रोलिंग कर संभालते रहे यातायात व्यवस्था
जुलूसे मोहम्मदी के दौरान कोटा थाना प्रभारी शशिकांत भारद्वाज स्वयं लगातार पेट्रोलिंग करते हुए यातायात व्यवस्था की निगरानी करते रहे। उनके साथ कोटा पुलिस के जवानों एवं महिला आरक्षकों ने भी व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग किया।
जुलूस शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न होने के बाद मुस्लिम समाज ने थाना प्रभारी शशिकांत भारद्वाज सहित कोटा पुलिस का धन्यवाद एवं आभार व्यक्त किया।

अंजुमन-इस्लामिया मस्जिद कमेटी के नेतृत्व में हुआ आयोजन
जुलूसे मोहम्मदी में मस्जिद-ए-ताहा के पेश इमाम गुलजार साहब, जौनपुर उत्तर प्रदेश से आए हाफिज मोहम्मद जुबेर अशरफी तथा बिलासपुर से मेहमान के रूप में पहुंचे नातख्वां मकबूल रजा नूरी शामिल हुए।
इस अवसर पर समाज के पदाधिकारियों में मोहम्मद जब्बार खान, मोहम्मद फिरोज रजा, अब्दुल गफ्फार खान, अमजद खान, सईद खान, सिराज खान, मोईद कुरैशी, शमीम खान, अफजल खान एवं बदरुद्दीन दादा भाई सहित बड़ी संख्या में समाजजन उपस्थित रहे।
हुसैनी यंग कमेटी की ओर से मोहम्मद जावेद खान, नियाज फारूकी सहित साहेब आलम, फिरोज खान, फरीद खान, फैजुल खान, नियाज खान, रफीक खान, इम्तियाज खान, इरफान खान, अमजद कुरैशी, आसिफ खान, निजाम खान, हैदर खान, साहिल खान, सलीम खान, अजीम खान, आकिब खत्री, अदनान खत्री, आजम खत्री, अज्जू बागड़ी, अमजद अली, अकबर अली, हासिम खान, आसिफ खान, हनी, परवेज आलम सहित अन्य युवा शामिल रहे।

मदरसा कमेटी से साबिर अली, सदरूदिन खत्री, शमीम खान, अहमद हसन, शमशुल हक, नियाज खान एवं आदिल खान सहित पदाधिकारी मौजूद रहे। नयापारा से हाजी शमशुद्दीन फारूकी, इब्राहिम खान, रियाज खान, बाबा खान, रूबी खान सहित आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों से भी समाज के लोग जुलूसे मोहम्मदी में शामिल हुए।
जुलूस के दौरान पूरे आयोजन में आपसी भाईचारे, सामाजिक सौहार्द एवं शांति का वातावरण देखने को मिला।



