
कोटा – सीपत थाना क्षेत्र में हुई चोरी के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से चोरी किए गए 7.66 ग्राम सोने के जेवर और 361 ग्राम चांदी के जेवर बरामद किए गए हैं। इस कार्रवाई में रतनपुर के साईं ज्वेलर्स, बड़ी बाजार के संचालक संतोष सोनी की सजगता और पुलिस को दी गई सूचना की भी अहम भूमिका रही।
पुलिस के अनुसार, 24 अगस्त 2026 को दर्राभाठा निवासी प्रार्थी सनत कुमार रात्रे रोज की तरह काम करने एनटीपीसी सीपत गया था। उसकी पत्नी सविता देवी सुबह करीब 8:30 बजे घर में बाहर से ताला लगाकर खेत में निदाई करने चली गई थी। करीब 11:45 बजे जब वह वापस लौटी तो घर के दरवाजे का ताला टूटा हुआ मिला। अंदर जाकर देखने पर आलमारी खुली थी और उसमें रखे सोने-चांदी के जेवर तथा 10 हजार रुपये नकद गायब थे। रिपोर्ट पर सीपत पुलिस ने अपराध दर्ज कर जांच शुरू की।
वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर थाना प्रभारी सीपत ने टीम गठित कर अज्ञात आरोपी की तलाश शुरू की। जांच के दौरान पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि संदिग्ध दिनेश सोनवानी को घटना के समय प्रार्थी के घर के आसपास देखा गया था। पुलिस ने उसकी पूर्व आपराधिक गतिविधियों की जानकारी जुटाई, जिसमें उसके पूर्व में चोरी के मामले में चालान होने की जानकारी सामने आई।
पुलिस ने दिनेश सोनवानी को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में उसने पहले चोरी से इनकार किया, लेकिन कड़ाई से पूछताछ करने पर चोरी की वारदात को अंजाम देना स्वीकार किया। आरोपी ने पुलिस को बताया कि प्रार्थी और उसकी पत्नी के घर से बाहर जाने के बाद उसने मकान का ताला तोड़कर आलमारी में रखे सोने-चांदी के आभूषण और नकदी चोरी की थी। पकड़े जाने के डर से उसने चोरी के जेवर अपनी सहयोगी सनिता कौसले के पास छिपाकर रखे थे।
इसी दौरान चोरी के गहने खपाने के प्रयास में आरोपी के रतनपुर स्थित साईं ज्वेलर्स पहुंचने की जानकारी सामने आई। संदिग्ध व्यक्ति की गतिविधियों पर दुकान संचालक संतोष सोनी को शक हुआ। उन्होंने जिम्मेदार व्यापारी और जागरूक नागरिक का परिचय देते हुए तत्काल पुलिस को सूचना दी। उनकी सूचना और पुलिस के साथ सहयोग से मामले में महत्वपूर्ण सुराग मिले और चोरी के माल की बरामदगी का रास्ता साफ हुआ।
पुलिस ने आरोपी दिनेश सोनवानी और सनिता कौसले की निशानदेही पर चोरी किए गए 7.66 ग्राम सोने के जेवर एवं 361 ग्राम चांदी के जेवर बरामद कर लिए। दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
पुलिस ने इस कार्रवाई में पुलिस उप महानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बिलासपुर श्री रजनेश सिंह, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (शहर) श्री पंकज कुमार पटेल तथा नगर पुलिस अधीक्षक श्री तिलेश्वर प्रसाद यादव के निर्देशन का उल्लेख किया है।
बिलासपुर पुलिस की अपील
पुलिस ने आम नागरिकों और सराफा व्यापारियों से अपील की है कि किसी भी संदिग्ध व्यक्ति अथवा संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तत्काल नजदीकी पुलिस थाना को दें। नागरिकों की सजगता और पुलिस के साथ सहयोग से अपराध की रोकथाम तथा आरोपियों तक पहुंचने में महत्वपूर्ण मदद मिलती है।
बिलासपुर पुलिस — आपकी सुरक्षा, हमारी प्राथमिकता।



