सुर्खियां

प्री मैट्रिक अनुसूचित जाति कन्या छात्रावास गौरेला में आयोजित हुआ पालक-बालिका सम्मेलन

छात्राओं को स्कूल बैग एवं खेल सामग्री का वितरण के साथ ही न्योता भोज का हुआ आयोजन

गौरेला-पेण्ड्रा-मरवाही। प्री मैट्रिक अनुसूचित जाति कन्या छात्रावास गौरेला में छात्राओं के सर्वांगीण विकास और पालकों से समन्वय के उद्देश्य से पालक-बालिका सम्मेलन का आयोजन किया गया।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में नगर पालिका गौरेला के अध्यक्ष  मुकेश दुबे एवं कार्यक्रम के नोडल अधिकारी, डिप्टी कलेक्टर सुश्री आकांक्षा पांडेय उपस्थित रहीं। विशेष अतिथि के रूप में वार्ड नंबर 09 के पार्षद श्रियाज कुरैशी एवं प्रदेश अल्पसंख्यक सदस्य  कुलदीप सिंह धीरज भी कार्यक्रम में शामिल हुए।

साथ ही हाई स्कूल मंगलीबाजार गौरेला की प्राचार्य श्रीमती एल. प्रकाश, छात्रावास अधीक्षिका श्रीमती प्रीति शुक्ला, नगर के गणमान्य नागरिक एवं विभिन्न क्षेत्रों से आए छात्राओं के माता-पिता भी सम्मेलन में उपस्थित थे।

सम्मेलन में अधीक्षिका श्रीमती प्रीति शुक्ला द्वारा पालकों को छात्रावास में उपलब्ध भोजन, आवास, पेयजल, सुरक्षा, अध्ययन-अध्यापन और स्वास्थ्य संबंधी सुविधाओं की विस्तृत जानकारी दी गई। छात्राओं की शैक्षणिक प्रगति, अनुशासन और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी पर भी चर्चा हुई।

कार्यक्रम में नगर पालिका अध्यक्ष श्री मुकेश दुबे द्वारा पालक-बालिका सम्मेलन के उद्देश्य के साथ ही छात्राओं को शासन की विभिन्न योजनाओं जैसे छात्रवृत्ति, साइकिल वितरण, कन्या विवाह योजना एवं स्वास्थ्य योजनाओं के बारे में विस्तृत जानकारी दी गई। उन्होंने बेटियों से इन योजनाओं का लाभ उठाने की अपील की।

कार्यक्रम की विशेष पहल के तहत छात्रावास की सभी छात्राओं को स्कूल बैग एवं खेल सामग्री का वितरण अतिथियों के हाथों से किया गया। बैग और खेल सामग्री पाकर छात्राओं में खुशी की लहर देखी गई।

कार्यक्रम के समापन पर बच्चों एवं पालकों के लिए न्योता भोज का भी आयोजन किया गया। सभी ने विशेष भोजन का आनंद लिया।

डिप्टी कलेक्टर सुश्री अकांछा पांडेय द्वारा पालकों से छात्राओं की नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करने और बेटियों की शिक्षा के साथ-साथ खेलों में भी भागीदारी बढ़ाने की अपील की। छात्राओं ने सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत कर सभी का मन मोह लिया। अंत में पालकों ने छात्रावास की व्यवस्थाओं को लेकर अधीक्षिका श्रीमति प्रीति शुक्ला की सराहना की।

Back to top button
error: Content is protected !!