
गौरेला-पेण्ड्रा मरवाही
गौरेला-पेण्ड्रा सराफा संघ का शपथ ग्रहण समारोह टेम्पल ट्री, गौरेला में आयोजित हुआ। कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ सराफा एसोसिएशन के प्रदेश अध्यक्ष कमल सोनी, जिला पुलिस अधीक्षक मनोज कुमार खिलारी, नगर पालिका परिषद पेंड्रा के अध्यक्ष राकेश जालान सहित सराफा व्यवसायी उपस्थित रहे। इस दौरान रॉबिन सोनी को अध्यक्ष, सन्नी सोनी को सचिव और नीतेश जैन को कोषाध्यक्ष चुना गया तथा नवनियुक्त पदाधिकारियों ने शपथ ली।
प्रदेश अध्यक्ष कमल सोनी ने कहा कि बदलते व्यापारिक दौर में सराफा व्यवसायियों की सुरक्षा, हितों और आपसी समन्वय के लिए संगठन की भूमिका महत्वपूर्ण है। प्रदेश में 251 तहसीलों तक संगठन की इकाइयां गठित करने का लक्ष्य है। उन्होंने व्यवसायियों से बिना उचित वेरिफिकेशन के माल नहीं लेने और पूरी पारदर्शिता के साथ कारोबार करने की अपील की।
जिले में दो अलग-अलग सराफा एसोसिएशन होने पर चिंता जताते हुए कमल सोनी ने कहा कि सभी व्यवसायियों को आपस में एक होकर संयुक्त टीम बनानी चाहिए। गौरेला-पेण्ड्रा-मरवाही की तीनों तहसीलों की अलग-अलग इकाई बनाकर प्रत्येक तहसील से तीन-तीन प्रतिनिधि चुने जाएं और एक संयुक्त जिला संगठन के माध्यम से कार्य किया जाए। उन्होंने कहा कि एकजुट संगठन ही व्यवसायियों के हितों को बेहतर तरीके से आगे बढ़ा सकता है।
एसपी मनोज कुमार खिलारी ने कहा कि लालच हमेशा नुकसानदेह और सफलता का शॉर्टकट खतरनाक हो सकता है। उन्होंने व्यापारियों को संदिग्ध परिस्थितियों में स्वयं कानून हाथ में लेने के बजाय पुलिस की मदद लेने की सलाह दी। एसपी ने सराफा दुकानों में ऐसे CCTV लगाने पर जोर दिया, जो दुकान के साथ आसपास की सड़क को भी कवर करें।
एसपी ने गौरेला-पेण्ड्रा के प्रमुख चौक-चौराहों पर खराब पड़े सार्वजनिक CCTV कैमरों को दुरुस्त कराने में सराफा संघ से सहयोग की अपील की। उन्होंने कहा कि इन कैमरों से अपराधों की जांच में पुलिस को मदद मिलेगी और शहर की सुरक्षा भी मजबूत होगी। प्रदेश अध्यक्ष कमल सोनी ने अपील पर तत्काल संज्ञान लेते हुए खराब कैमरों को चिन्हित कर दुरुस्त कराने तथा जरूरत वाले स्थानों पर नए कैमरे लगवाने की दिशा में पहल करने की बात कही।
कार्यक्रम में नगर पालिका परिषद पेंड्रा के अध्यक्ष राकेश जालान ने भी संबोधित करते हुए नवनियुक्त पदाधिकारियों को शुभकामनाएं दीं और संगठन की एकजुटता एवं सामाजिक सहभागिता को महत्वपूर्ण बताया। समारोह में सराफा व्यवसायियों ने संगठन को मजबूत बनाने, व्यापार में पारदर्शिता और सुरक्षा के साथ सामाजिक सरोकारों में सक्रिय भूमिका निभाने का संकल्प लिया।

