
कोटा – कोटा थाना क्षेत्र के ग्राम गनियरी स्थित बेलटुकरी तालाब में मंगलवार को नहाने गई एक 14 वर्षीय बालिका की डूबने से दर्दनाक मौत हो गई। घटना के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है। सूचना मिलते ही कोटा पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई की।
मिली जानकारी के अनुसार, मृतका की पहचान मोनिका बंजारा (14 वर्ष) पिता जगदीश बंजारा, निवासी सुखी नेवनिया, मध्यप्रदेश के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि मोनिका का परिवार पिछले करीब दो माह से ग्राम गनियरी में प्लास्टिक के ड्रम बेचने का व्यवसाय कर रहा है और वहीं अस्थायी रूप से रह रहा था।

जानकारी के मुताबिक मंगलवार दोपहर करीब 12 बजे मोनिका बेलटुकरी तालाब में नहाने गई थी। इसी दौरान वह गहरे पानी में चली गई और डूब गई। काफी देर तक बाहर नहीं आने पर परिजनों और स्थानीय ग्रामीणों ने उसकी तलाश शुरू की तथा तत्काल कोटा पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। स्थानीय लोगों की मदद से बालिका के शव को तालाब से बाहर निकाला गया। इसके बाद पुलिस ने मर्ग कायम कर शव का पोस्टमार्टम कराया। पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।
कोटा पुलिस ने मामले में मर्ग कायम कर घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक तौर पर मामला तालाब में डूबने से हुई दुर्घटनावश मौत का बताया जा रहा है। वहीं पुलिस ने लोगों से अपील की है कि बारिश के मौसम में तालाबों और जलाशयों में नहाने के दौरान विशेष सावधानी बरतें, क्योंकि जलस्तर बढ़ने और गहराई का सही अनुमान नहीं होने से ऐसे हादसे हो सकते हैं।
