
कोटा – वन विकास निगम ने अवैध सागौन कटाई और परिवहन के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। कार्रवाई के दौरान 11 नग सागौन के लठ्ठे (1.138 घनमीटर) बरामद किए गए। साथ ही एक महिंद्रा पिकअप (CG10 CA 5802) और एक बिना नंबर प्लेट की मोटरसाइकिल को जब्त किया गया। जांच में मोटरसाइकिल का पंजीयन क्रमांक CG28 N 3192 पाया गया।

वन विकास निगम द्वारा जब्त किए गए दोनों वाहनों एवं बरामद सागौन की लकड़ी को केंद्रीय रोपणी भैसाझार परिसर में सुरक्षित रखा गया है।
मामले में गिरफ्तार आरोपियों में ललित साहू (25) निवासी ग्राम राजपुर, लाल सिंह यादव (21) निवासी ग्राम चनाडोंगरी, दुर्गेश पाली (25) निवासी ग्राम चनाडोंगरी तथा नीलकुमार धृतलहरे (30) निवासी ग्राम बांधा, तहसील तखतपुर, जिला बिलासपुर शामिल हैं।

सभी आरोपियों के विरुद्ध भारतीय वन अधिनियम, 1927 की धारा 32(क) एवं 32(ग) के तहत अवैध कटाई और अवैध परिवहन का प्रकरण दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
वन विकास निगम ने स्पष्ट किया है कि वन संपदा की अवैध कटाई एवं तस्करी के विरुद्ध अभियान लगातार जारी रहेगा और ऐसे मामलों में संलिप्त लोगों पर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

