सुर्खियां

25 लाख की चोरी का खुलासा: घर का ही निकला चोर, पुलिस ने घंटों में बरामद किए जेवर

कोटा – थाना कोटा पुलिस ने एक सनसनीखेज चोरी की गुत्थी महज कुछ घंटों में सुलझाते हुए करीब 25 लाख रुपये मूल्य के सोने-चांदी के आभूषण बरामद कर लिए। मामले की सबसे चौंकाने वाली बात यह रही कि चोरी की वारदात को अंजाम देने वाला कोई बाहरी व्यक्ति नहीं, बल्कि शिकायतकर्ता का नाती ही निकला।
पुलिस के अनुसार 18 जुलाई 2026 को मौहारखार निवासी एक व्यक्ति ने फोन पर सूचना दी कि उसके घर से अज्ञात चोर सोने-चांदी के आभूषण चोरी कर ले गया है। सूचना मिलते ही थाना कोटा पुलिस ने तत्काल जांच शुरू की। सीसीटीवी फुटेज खंगालने और वैज्ञानिक तरीके से जांच करने पर संदेह शिकायतकर्ता के नाती पर गया।
पुलिस ने युवक को हिरासत में लेकर पूछताछ की तो उसने चोरी करना स्वीकार कर लिया। उसकी निशानदेही पर चोरी गए सभी सोने-चांदी के आभूषण, जिनमें झुमके, नेकलेस, मंगलसूत्र, अंगूठी, नोज पिन, पायल, करधन, बिछिया, चांदी के सिक्के, कटोरी सहित अन्य सामान शामिल है, बरामद कर लिया गया। पुलिस ने लगभग 25 लाख रुपये मूल्य के चोरी गए सामान की शत-प्रतिशत बरामदगी कर ली।
हालांकि आरोपी शिकायतकर्ता का नाती होने के कारण परिवार ने आपसी सहमति से मामला सुलझा लिया। शिकायतकर्ता ने थाना में अपराध दर्ज कराने से इनकार करते हुए स्टाम्प पेपर पर लिखित आवेदन देकर किसी भी प्रकार की कानूनी कार्रवाई नहीं करने की इच्छा जताई। इसके चलते पुलिस ने पारिवारिक सहमति के आधार पर मामला समाप्त कर दिया।
कोटा पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई से चोरी की घटना का कुछ ही घंटों में खुलासा हो गया और पूरा चोरी का माल सुरक्षित बरामद कर लिया गया।

Back to top button
error: Content is protected !!