
कोटा – रतनपुर पुलिस ने रतनपुर-कोटा मार्ग पर हुई लूट की सनसनीखेज वारदात का महज कुछ घंटों के भीतर खुलासा करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूट की रकम में से 6,300 रुपये नकद तथा वारदात में इस्तेमाल की गई दो मोटरसाइकिलें जब्त की हैं। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार सभी आरोपी पूर्व में भी लूट की घटनाओं में शामिल रहे हैं।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार भेड़ीमुड़ा निवासी भारत कुमार सूर्यवंशी ने थाना रतनपुर में रिपोर्ट दर्ज कराई कि देर रात अपने मामा के गांव नेवरा (कोटा) से लौटते समय भैंसाझार मोड़ के पास दो मोटरसाइकिलों पर सवार बदमाशों ने उनकी बाइक को लात मारकर गिरा दिया और जेब में रखे 5 हजार रुपये लूट लिए।
इसी दौरान खैरा निवासी अरुण कुमार राज भी कोटा से रतनपुर की ओर आ रहे थे। आरोपियों ने उन्हें रोककर गाली-गलौज की और उनसे 15 हजार रुपये नकद तथा मोबाइल फोन लूटकर फरार हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही थाना प्रभारी निरीक्षक निलेश पाण्डेय के नेतृत्व में विशेष टीम गठित कर तत्काल आरोपियों की तलाश शुरू की गई। पीड़ितों द्वारा बताए गए हुलिए के आधार पर पुलिस ने पहले से लूट के मामलों में शामिल गुलाब नरेश उर्फ राजा सारथी को हिरासत में लिया। पूछताछ में उसने अपने साथियों शिवप्रसाद यादव, अनवर खान और ओमप्रकाश पोर्ते के साथ मिलकर वारदात को अंजाम देना स्वीकार किया।
पुलिस ने चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से यामाहा आर-15, बजाज पल्सर एनएस, 6,300 रुपये नकद तथा वारदात से जुड़े अन्य साक्ष्य बरामद किए। पूछताछ में आरोपियों ने लूटी गई रकम आपस में बांटकर खर्च करने की बात भी स्वीकार की।
पुलिस ने चारों आरोपियों को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक निलेश पाण्डेय, उप निरीक्षक विष्णु यादव, सहायक उप निरीक्षक पवन सिंह, प्रशिक्षु उप निरीक्षक अनिल सिंह, आरक्षक आकाश डोंगरे, धीरज कश्यप एवं कीर्ति पैकरा की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
