सुर्खियां

जीवनदीप समिति की बैठक में स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने पर जोर, नए अस्पताल के कार्य में तेजी लाने के निर्देश

कोटा – विकासखण्ड कोटा की स्वास्थ्य व्यवस्थाओं को और अधिक सुदृढ़ एवं जनहितैषी बनाने के उद्देश्य से शुक्रवार, 10 जुलाई 2026 को जीवनदीप समिति की साधारण सभा की बैठक विधायक श्री अटल श्रीवास्तव की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक में सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र कोटा, सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र रतनपुर तथा विकासखण्ड के सभी प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्रों की व्यवस्थाओं की विस्तृत समीक्षा करते हुए स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने के लिए कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए।


बैठक में वर्षा ऋतु के दौरान संभावित मौसमी एवं संक्रामक रोगों की रोकथाम को सर्वोच्च प्राथमिकता देने पर जोर दिया गया। विधायक ने निर्देश दिए कि सभी स्वास्थ्य संस्थानों में जीवनरक्षक एवं सामान्य दवाइयों, आवश्यक चिकित्सा सामग्री तथा अन्य संसाधनों की पर्याप्त उपलब्धता हर हाल में सुनिश्चित की जाए, ताकि मरीजों को समय पर गुणवत्तापूर्ण उपचार मिल सके।


मरीजों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए अस्पतालों में नियमित पेयजल एवं विद्युत आपूर्ति, स्वच्छ चादरों की व्यवस्था, मच्छरदानियां, कूलर, पंखे, फायर सेफ्टी उपकरण तथा लेबर रूम में एयर कंडीशनर की स्वीकृति प्रदान की गई। इसके साथ ही सर्पदंश एवं रेबीज उपचार के लिए आवश्यक दवाइयों का पर्याप्त भंडारण रखने और भर्ती मरीजों के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं बनाए रखने के निर्देश दिए गए।
बैठक में बारिश के मौसम से पहले जलजनित एवं संक्रामक रोगों की रोकथाम के लिए ग्राम स्तर पर सर्वे कर संवेदनशील क्षेत्रों की पहचान करने तथा कॉम्बेट टीमों के माध्यम से प्रभावी नियंत्रण अभियान चलाने का निर्णय लिया गया। स्वास्थ्य विभाग की टीमों को सभी गांवों में सक्रिय रहकर सतत निगरानी, जनजागरूकता और त्वरित स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए गए।


अधोसंरचना विकास को लेकर भी अहम निर्णय लिए गए। लोक निर्माण विभाग को विकासखण्ड के सभी स्वास्थ्य संस्थानों का निरीक्षण कर आवश्यक मरम्मत कार्यों के प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश दिए गए। वहीं सीजीएमएससी को नवीन सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र कोटा के निर्माण कार्य को शीघ्र पूर्ण कराने के निर्देश दिए गए। अस्पताल संचालन के लिए फायर सेफ्टी, एप्रोच रोड एवं नाली निर्माण सहित आवश्यक आधारभूत सुविधाओं के प्रस्ताव शासन को भेजने की सैद्धांतिक स्वीकृति भी प्रदान की गई। इसके अलावा क्रेडा विभाग के माध्यम से नए अस्पताल परिसर में सोलर बैटरी स्थापना का प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश भी दिए गए।
बैठक में नगर पंचायत कोटा की अध्यक्ष श्रीमती सरोज दुर्गेश साहू, एसडीएम श्री प्रवेश पैकरा, जनपद पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी युवराज सिन्हा, खंड चिकित्सा अधिकारी डॉ. निखिलेश गुप्ता, विकासखंड कार्यक्रम प्रबंधक श्रीमती श्वेता सिंह, विभिन्न विभागों के अधिकारी, स्वास्थ्य संस्थानों के प्रभारी तथा जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।

Back to top button
error: Content is protected !!