सुर्खियां

खेत में करंट की चपेट में आने से एक ही परिवार के तीन लोगों की मौत, गांव में पसरा मातम

कोटा – बिलासपुर जिले के कोटा थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम भाड़म में एक दर्दनाक हादसे में एक ही परिवार के तीन सदस्यों की करंट की चपेट में आने से मौत हो गई। घटना के बाद पूरे गांव में शोक की लहर है, वहीं परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, 3 जुलाई की सुबह दसन बाई अपने खेत में जानवरों के प्रवेश को रोकने के लिए खेत की मेड़ पर जीआई तार और नायलॉन रस्सी से घेराबंदी करने अपने पुत्र सत्यव्रत सिंगरौल (14 वर्ष) और विवेक सिंगरौल (23 वर्ष) के साथ गई थीं। इसी दौरान तीनों किसी तरह करंट की चपेट में आ गए, जिससे मौके पर ही उनकी मौत हो गई।

मृतका के पति सीताराम सिंगरौल, जो पेशे से चालक हैं, देर शाम घर लौटे तो पत्नी और दोनों बेटे घर पर नहीं मिले। काफी तलाश के बाद जब वे खेत पहुंचे तो वहां पत्नी और दोनों पुत्रों के शव पड़े मिले। इसके बाद उन्होंने तत्काल कोटा थाना पुलिस को सूचना दी।

देर शाम होने के कारण तीनों शवों का पोस्टमार्टम नहीं हो सका। शनिवार 4 जुलाई को कोटा पुलिस ने मर्ग कायम कर तीनों शवों का पोस्टमार्टम कराया। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को अंतिम संस्कार के लिए सौंप दिए गए।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार घटना करंट लगने से हुई है, हालांकि करंट कैसे प्रवाहित हुआ और हादसे की वास्तविक वजह क्या रही, इसका खुलासा पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगा। पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है।

एक ही परिवार के तीन सदस्यों की असामयिक मौत से ग्राम भाड़म में गहरा शोक व्याप्त है। ग्रामीणों ने इसे क्षेत्र की सबसे दर्दनाक घटनाओं में से एक बताते हुए पीड़ित परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की है।

Back to top button
error: Content is protected !!